'रामलला के दर्शन कर लीजिए, सद्बुद्धि आ जाएगी...', CM योगी ने दी अखिलेश यादव को सलाह, सपा प्रमुख ने दिया करारा जवाब

Yogi vs Akhilesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को राम मंदिर में दर्शन करने की सलाह दी है. इसका पलटवार करते हुए अखिलेश यादव ने बीजेपी पर सनातन के नाम पर गोरखधंधा करने का आरोप लगाया है.

UP Tak

कुमार अभिषेक

• 06:51 PM • 28 Jun 2026

follow google news

Yogi vs Akhilesh: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. हाथरस पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने श्री कृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर अखिलेश यादव को सीधी चुनौती दी है. वहीं, प्रयागराज के दौरे पर गए अखिलेश यादव ने भी पलटवार करते हुए सनातन धर्म की रक्षा और राम मंदिर चंदा घोटाले को लेकर बीजेपी सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं.

यह भी पढ़ें...

जन्मभूमि पर सीएम योगी की चुनौती

हाथरस में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव को चुनौती दी है. उन्होंने कहा है, 'अगर अखिलेश यादव में हिम्मत है, तो वो श्री कृष्ण जन्मभूमि पर खुलकर बोलें.' सीएम योगी ने अखिलेश को सलाह देते हुए कहा है, 'अखिलेश जी, आप अयोध्या की चिंता मत करिए, पश्चाताप करिए. एक बार प्रभु श्री रामलला का दर्शन कर लीजिए. कम से कम इसी से सद्बुद्धि आएगी. आइए, खुलकर बोलिए कि श्री राम जन्मभूमि मुक्ति के आंदोलन की तर्ज पर ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि की मुक्ति का भी अभियान चलना चाहिए.'

अखिलेश यादव पर कसा तीखा तंज

सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर सीधा निशाना साधते हुए कहा है कि उनमें ऐसा कहने की बिल्कुल हिम्मत नहीं है. उन्होंने आरोप लगाया है कि अखिलेश के पास मुल्ला और मौलवियों के सामने घुटने टेकने के अलावा विकास का कोई एजेंडा नहीं है. योगी ने तंज कसते हुए कहा है, 'अखिलेश यादव इस समय खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की कहावत को चरितार्थ कर रहे हैं.'

सनातन की आड़ में गोरखधंधा नहीं

प्रयागराज पहुंचे अखिलेश यादव ने भी बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है. सनातन धर्म पर बोलते हुए उन्होंने कहा है, 'समाजवादी लोग चाहते हैं कि सनातन धर्म की रक्षा हो, लेकिन सनातन धर्म की आड़ में कोई गोरखधंधा नहीं होना चाहिए.' राम मंदिर के मुद्दे पर अखिलेश ने कहा है कि मर्यादा पुरुषोत्तम राम के मंदिर में चंदा घोटाले को लेकर बहुत सारे न्यूज चैनल भी सवाल पूछ रहे हैं. इसके साथ ही उन्होंने यह चिंता जताई है कि इन सवालों के चक्कर में कहीं पेपर लीक का मुख्य मुद्दा न दब जाए.

इटावा के बाद करेंगे अयोध्या दर्शन

अयोध्या जाने के सवाल का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने बताया है कि अभी इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण हो रहा है. उन्होंने कहा है कि जब इस मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा, तब वह अयोध्या दर्शन करने जाएंगे. इसके बाद सीएम योगी पर निशाना साधते हुए उन्होंने पूछा है, 'वो कौन से मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने अपने और अपने डिप्टी सीएम के ऊपर दर्ज मुकदमे वापस लिए हैं?'

सपा सरकार कराएगी 'वनस्पति' का ऑडिट

न्याय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा है कि यूपी सरकार को समय-समय पर सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट से लताड़ मिली है. इस सरकार में न्याय मिलना बहुत मुश्किल है और सच्चाई दिखाने वाले पत्रकार पर मुकदमा दर्ज हो जाता है. उन्होंने ऐलान किया है कि सपा सरकार बनने पर वो 'वनस्पति' यानी गांजे का भी ऑडिट करवाएंगे. मथुरा के संत दिनेश फलाहारी पर चोरी का आरोप लगने के मामले में उन्होंने कहा है कि असली संतों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है.