'कथा रोकेंगे तो नमाज भी रोकनी पड़ेगी', धीरेंद्र शास्त्री का बयान खूब चर्चा में, रामकथा के लिए अखिलेश को भी दिया न्योता

प्रतापगढ़ में रामकथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धार्मिक आयोजनों पर रोक लगाने की मांग पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि कथा रोकी गई तो नमाज रोकने की मांग भी उठ सकती है. इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव, पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं और सनातन को लेकर भी बयान दिए.

Dhirendra shastri (File Photo)

Dhirendra shastri (File Photo)

Google CTA

Dhirendra Shastri Statement: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के दौरान उनके बयानों ने चर्चा तेज कर दी है. धार्मिक आयोजनों को रोकने की मांग पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर कथा रोकने की बात होगी तो नमाज रोकने की मांग भी उठ सकती है और इससे व्यवस्था बिगड़ जाएगी. उन्होंने यह भी कहा कि उनकी कथा चुनाव के लिए नहीं, बल्कि सनातन के लिए होती है. इस दौरान उन्होंने हिंदू-पाकिस्तान विभाजन, 500 पाकिस्तानी हिंदू परिवारों की मौजूदगी, कृष्ण और राम के संबंध तथा अखिलेश यादव को लेकर भी अपनी बात रखी.

यह भी पढ़ें...

'कथा रोकी जाएगी तो नमाज भी रोकने की मांग उठेगी'

धीरेंद्र शास्त्री ने धार्मिक कथाओं और प्रवचनों पर रोक लगाने की मांग को लेकर कहा कि वह इस पर ज्यादा सफाई नहीं देते, क्योंकि हर कोई अपना काम कर रहा है. उन्होंने कहा, 'कथा कहीं पर भी नहीं रोकी जा सकती है, और अगर कथा भी रोकी जाएगी तो नमाज भी रोकी जाएगी तो फिर व्यवस्था बिगड़ जाएगी. हिंदू जाग गया है.' उन्होंने कहा कि कथा करने वाले और सुनने वाले, दोनों को इसका लाभ मिलता है. चुनावी साल में कथाओं को राजनीति से जोड़ने पर उन्होंने कहा, 'हम कथा चुनाव के लिए नहीं सनातन के लिए करते हैं.' उन्होंने विपक्षी दलों को भी सलाह दी कि उन्हें ऐसी कथाएं आयोजित करानी चाहिए.

पाकिस्तान में रह रहे हिंदुओं को भारत लाने की बात कही

विभाजन के मुद्दे पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, 'पूर्ण विभाजन हो जाना चाहिए, जो हिंदू पाकिस्तान में हैं उन्हें भारत आ जाना चाहिए.' उन्होंने बताया कि प्रतापगढ़ की इस कथा में 500 पाकिस्तानी हिंदू परिवार भी शामिल हो रहे हैं. इसके लिए उन्होंने सभी को साधुवाद दिया. रामकथा के उद्देश्य पर उन्होंने कहा कि उनके लिए कोई जाति या भेदभाव नहीं है. उन्होंने कहा, 'यादव में माधव और माधव में यादव दर्शन करते हैं.' साथ ही राम और कृष्ण को एक बताते हुए कहा कि कथा का उद्देश्य लोगों को इसी भाव से जोड़ना है.

औरंगजेब की निशानी मिटाने की बात

धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि वह 21 नवंबर को बांके बिहारी के दर्शन करने जाएंगे. उन्होंने कहा कि वहां प्रण लेंगे कि 'औरंगज़ेब की निशानी का कलंक मिट जाए और हमारे कृष्ण जी भव्य रूप में विराजमान हो जाएं.' इसके लिए आगे चलकर लंबा हनुमान चालीसा पाठ करने की बात भी कही. कृष्ण को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी तीन घंटे की कथा को तीन मिनट में दिखाया गया. उन्होंने लोगों से पूरा प्रवचन देखने की अपील की और कहा कि उन्होंने राम और कृष्ण को एक ही भाव में बताया था.

अखिलेश यादव को कथा सुनने का दिया न्योता

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने और उनके बयानों पर सवाल पूछे जाने पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, 'हम नेताओं पर नहीं बोलते हैं. अखिलेश को हमसे क्या दिक्कत है, यह हमें नहीं पता, वह भी बहुत अच्छे हैं.' उन्होंने अखिलेश को अपनी कथा सुनने के लिए आमंत्रित भी किया, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें पता है कि वह नहीं आ पाएंगे. सीट बंटवारे को लेकर बातचीत के सवाल पर उन्होंने कहा, 'अखिलेश तो अभी टेबल पर ही नहीं मिले हैं, तो फिर कैसे बात होगी. टेबल के नीचे तो दूर की बात है.'