उत्तर प्रदेश में 17 नवंबर 2026 को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) के तहत ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी गई है. SIR-2026 की अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले इस बार प्रदेश में 18,84,113 मतदाता बढ़े हैं. कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है. हालांकि, 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या में 5.80 लाख की कमी आई है.
ADVERTISEMENT
नई सूची जारी होने के बाद अब मतदाता अपना नाम और दूसरी जानकारियां जांच सकते हैं. अगर नाम नहीं है तो जुड़वा सकते हैं, किसी मृत व्यक्ति का नाम दर्ज है तो उसे हटाने के लिए आपत्ति कर सकते हैं और नाम-पते में गलती है तो सुधार करा सकते हैं. इन सभी कामों के लिए चुनाव आयोग ने अलग-अलग फॉर्म तय किए हैं.
नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6, नाम हटवाने के लिए फॉर्म 7 और नाम-पता या दूसरी जानकारी में सुधार के लिए फॉर्म 8 भरना होता है. विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए फॉर्म 6A और आधार की जानकारी देने के लिए फॉर्म 6B है. इनके अलावा भी मतदाता सूची तैयार करने और विधान परिषद चुनाव के लिए कई फॉर्म इस्तेमाल होते हैं.
फॉर्म 6: नया नाम जुड़वाने के लिए
अगर आपकी उम्र 18 साल हो गई है और आपका नाम वोटर लिस्ट में नहीं है तो फॉर्म 6 भरना होगा. इसका इस्तेमाल पहली बार मतदाता बनने वाले लोग और SIR के बाद ड्राफ्ट सूची में नाम नहीं पाने वाले पात्र लोग कर सकते हैं. इसके लिए भारतीय नागरिक होना, संबंधित क्षेत्र में सामान्य रूप से रहना और निर्धारित उम्र की शर्त पूरी करना जरूरी है. उम्र और पते के प्रमाण के साथ फोटो भी देनी होती है.
फॉर्म 6A: विदेश में रहने वाले भारतीयों के लिए
जो भारतीय नागरिक विदेश में रहते हैं और उन्होंने किसी दूसरे देश की नागरिकता नहीं ली है, वे फॉर्म 6A भर सकते हैं. इसके जरिए ओवरसीज इलेक्टर के रूप में नाम दर्ज कराया जाता है. ऐसे मतदाता ऑनलाइन वोट नहीं डाल सकते. मतदान के लिए उन्हें भारत आकर अपने निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र पर मूल पासपोर्ट के साथ पहुंचना होता है.
फॉर्म 6B: आधार की जानकारी देने के लिए
पहले से वोटर लिस्ट में दर्ज मतदाता इस फॉर्म के जरिए अपना आधार नंबर दे सकते हैं. इसका उद्देश्य मतदाता की पहचान का प्रमाणीकरण करना है. आधार देना अनिवार्य नहीं है. आधार नंबर नहीं देने पर किसी का नाम वोटर लिस्ट से नहीं काटा जा सकता.
फॉर्म 7: नाम हटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए
अगर किसी मतदाता की मृत्यु हो गई है या उसका नाम गलत तरीके से सूची में दर्ज है तो फॉर्म 7 के जरिए नाम हटाने की मांग की जा सकती है. कोई मतदाता खुद भी अपना नाम हटवाने के लिए आवेदन कर सकता है. किसी दूसरे नाम पर आपत्ति भी दर्ज कराई जा सकती है. हालांकि, नाम हटाने से पहले चुनाव अधिकारी जांच करते हैं.
फॉर्म 8: नाम, उम्र, पता और फोटो में सुधार के लिए
वोटर लिस्ट में नाम की स्पेलिंग, उम्र, जन्मतिथि या फोटो गलत है तो फॉर्म 8 भरें. घर या शहर बदलने पर नए पते पर नाम ट्रांसफर कराने और खराब या खो चुके वोटर कार्ड की जगह नया कार्ड लेने के लिए भी यही फॉर्म है. दिव्यांग मतदाता अपनी स्थिति दर्ज कराने के लिए भी इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. अगर नाम पहले से दर्ज है और सिर्फ पता बदलना है तो नया फॉर्म 6 भरने की जरूरत नहीं है.
वोटर लिस्ट में नाम कैसे देखें और आवेदन कहां करें?
उत्तर प्रदेश के मतदाता मतदान केंद्र पर उपलब्ध ड्राफ्ट सूची, BLO या ECINET ऐप के जरिए अपना नाम देख सकते हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in और चुनाव आयोग के Voters Service Portal पर भी ये सुविधा है. इसी पोर्टल पर फॉर्म 6, 6A, 6B, 7 और 8 ऑनलाइन भरे जा सकते हैं. ऑफलाइन आवेदन BLO, AERO या ERO कार्यालय में भी जमा किया जा सकता है.
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में कितने नाम बढ़े और कितने घटे?
चुनाव आयोग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, SIR-2026 की अंतिम मतदाता सूची में उत्तर प्रदेश में करीब 13.39 करोड़ मतदाता थे. SSR-2027 की ड्राफ्ट सूची में संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है.
इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 7.87 लाख बढ़कर 7.38 करोड़ हो गई है. महिला मतदाताओं की संख्या में 10.96 लाख का इजाफा हुआ है और 6.20 करोड़ पहुंच गई है. तृतीय लिंग के मतदाताओं की संख्या 4,206 से घटकर 4,042 रह गई है.
सबसे ज्यादा ध्यान 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं के आंकड़े पर गया है. इस आयु वर्ग में 5,80,008 मतदाता कम हुए हैं. पहले इनकी संख्या 17.63 लाख थी, जो अब घटकर 11.83 लाख रह गई है.
ड्राफ्ट सूची में जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है. इसका मतलब है कि हर 1,000 पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं की संख्या अब 840 है. ईपी रेशियो भी 55.17 से बढ़कर 55.95 हो गया है.
ये भी पढ़ें- SSR के बाद यूपी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 लाख 84 हजार नए मतदाता जुड़े, जानें इससे जुड़ी सभी बड़ी बातें
ADVERTISEMENT











