अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तान को हराने वाली भारतीय टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने बताई आखिरी ओवर की कहानी

अंचल श्रीवास्तव

• 05:11 PM • 16 Nov 2026

पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीतने वाले गोंडा के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने यूपी Tak से खास बातचीत में जीत का रोमांच, आखिरी गेंद का तनाव, टीम की रणनीति और वर्ल्ड कप को लेकर अपना बड़ा सपना साझा किया.

Lakshya Raichandani

Lakshya Raichandani

Google CTA

पाकिस्तान के जबड़े से रोमांचक जीत छीनकर एशिया कप अपने नाम करने वाली इंडिया अंडर-19 क्रिकेट टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 'यूपी Tak' के साथ खास बातचीत की है. गोंडा के रहने वाले और टीम की कमान संभालने वाले लक्ष्य ने टूर्नामेंट के सफर, पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले के रोमांच, आखिरी ओवरों के तनाव और अपनी जीत की पूरी कहानी बताई है.

यह भी पढ़ें...

"पाकिस्तान से हार के बाद टीम में थी जीतने की भूख"

इंटरव्यू के दौरान जब कप्तान लक्ष्य रायचंदानी से पूछा गया कि लीग मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद टीम का माहौल कैसा था तो उन्होंने बताया कि वह मुकाबला बेहद करीबी था. उस हार के बाद टीम के सभी खिलाड़ियों में मैच जीतने की एक जबरदस्त भूख और प्रेरणा थी. फाइनल मुकाबले को लेकर उन्होंने कहा कि टीम को अपनी क्षमता पर पूरा भरोसा था और वे अच्छी तरह जानते थे कि लक्ष्य का पीछा कैसे करना है.

लक्ष्य ने फाइनल मैच के उस टर्निंग पॉइंट का भी जिक्र किया जब वे खुद आउट हो गए थे. उन्होंने कहा कि उनका प्लान पारी को अंत तक ले जाने का था. लेकिन दुर्भाग्यवश वे कैच आउट हो गए. हालांकि इसके बाद क्रीज पर आए मनल और मोहित की शानदार साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया और टीम के पक्ष में मोमेंटम वापस ले आई.

आखिरी ओवरों का रोमांच और ड्रेसिंग रूम का तनाव

मैच के आखिरी पलों को याद करते हुए कप्तान ने बताया कि जब अंतिम ओवरों का खेल चल रहा था, तब ड्रेसिंग रूम का माहौल बेहद तनावपूर्ण था. आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन बनाने थे.लेकिन पूरी टीम और खिलाड़ियों के मन में अटूट विश्वास था कि मैच हम ही जीतेंगे.

जब उनसे पूछा गया कि क्या उस दबाव भरे पल में भगवान का नाम लिया जा रहा था तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि पूरी टीम को अपनी मेहनत और जीत पर पूरा भरोसा था. पाकिस्तान के खिलाफ इस जीत के मायने पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए कोई भी टीम हो, मैदान पर खेल ही सबसे अहम होता है.लेकिन पिछले मुकाबलों की हार को पीछे छोड़कर एशिया कप जीतना एक बेहद गर्व का क्षण था. जीत के बाद मैदान पर खिलाड़ियों का जश्न और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से मिली बधाइयों ने इस सफलता को और भी खास बना दिया.

गोंडा का लाल, परिवार का समर्थन और आगे का लक्ष्य

मूल रूप से गोंडा के रहने वाले लक्ष्य रायचंदानी ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया. उन्होंने बताया कि घर लौटने पर उन्होंने सबसे पहले अपने दादा-दादी और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की.

गौरतलब है कि लक्ष्य की मां का सपना है कि उनका बेटा देश के लिए वर्ल्ड कप लेकर आए. इस पर कप्तान ने कहा कि अभी वर्ल्ड कप में थोड़ा समय है और वे फिलहाल घरेलू टूर्नामेंट्स और अपने खेल पर पूरा ध्यान दे रहे हैं. 

ये भी पढ़ें: गाजियाबाद PMLA कोर्ट ने सुनाया फैसला, डासना जेल भेजे गए आजम खान, 26 नवंबर को अगली सुनवाई