SSR के बाद यूपी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 लाख 84 हजार नए मतदाता जुड़े, जानें इससे जुड़ी सभी बड़ी बातें
उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 18.84 लाख वोटर बढ़े, लेकिन Gen-Z के 5.80 लाख मतदाता घट गए. महिला वोटरों की संख्या में ज्यादा इजाफा और अनुमानित आबादी से 2.58 करोड़ का अंतर, इन आंकड़ों ने क्या संकेत दिए?
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में स्पेशल समरी रिवीजन (SSR-2027) के तहत चुनाव आयोग ने ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. SIR-2026 की अंतिम मतदाता सूची के मुकाबले इस नई ड्राफ्ट सूची में कुल 18 लाख 84 हजार वोटर बढ़े हैं. ऐसे में प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13.39 करोड़ से बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई है.
हालांकि इस कुल बढ़ोतरी के बीच 18 से 19 साल के युवा (Gen-Z) मतदाताओं की संख्या में 5,80,008 की बड़ी गिरावट सामने आई है. ड्राफ्ट सूची में पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में अधिक इजाफा हुआ है. जबकि अनुमानित आबादी और वोटर लिस्ट के आंकड़ों के बीच 2.58 करोड़ मतदाताओं का अंतर दर्ज किया गया है.
महिलाओं की संख्या ज्यादा बढ़ी
10 अप्रैल 2026 को जारी हुए अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे जिनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे.
नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या में 7,87,449 का इजाफा हुआ है जिससे प्रदेश में कुल पुरुष मतदाताओं की संख्या 7.38 करोड़ पहुंच गई है. दूसरी ओर महिला मतदाताओं की संख्या में 10,96,828 की बढ़ोतरी हुई है और अब कुल महिला मतदाताओं की संख्या बढ़कर 6.20 करोड़ हो गई है. वहीं तृतीय लिंग (थर्ड जेंडर) के मतदाताओं की संख्या में 164 की कमी आई है पिछली सूची के 4206 से घटकर अब 4042 रह गई है.
18 से 19 आयु वर्ग के युवा मतदाताओं में बड़ी गिरावट
ड्राफ्ट मतदाता सूची में सबसे चौंकाने वाला आंकड़ा 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं का है. इस आयु वर्ग के मतदाताओं की संख्या में 5,80,008 की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. 10 अप्रैल 2026 की अंतिम सूची में 18 से 19 साल के 17.63 लाख तदाता थे 17 नवंबर 2026 की ड्राफ्ट सूची में घटकर 11.83 लाख रह गए हैं. सके अलावा मतदातासूची में जेंडर रेशियो 834 से बढ़कर 840 हो गया है. साथ ही ईपी रेशियो (मतदाता जनसंख्या अनुपात) में भी 0.78 की वृद्धि हुई है और यह 55.17 से बढ़कर 55.95 हो गया है.
अनुमानित आबादी के मुकाबले 2.58 करोड़ कम मतदाता
ड्राफ्ट मतदाता सूची और 2026 की अनुमानित आबादी के आंकड़ों में भी बड़ा अंतर देखने को मिला है. 2026 की अनुमानित कुल आबादी के हिसाब से उत्तर प्रदेश में करीब 16.16 करोड़ मतदाता होने चाहिए जबकिड्राफ्ट सूची में 13.58 करोड़ मतदाता ही दर्ज हैं. इस तरह अनुमानित आबादी के मुकाबले प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 2 करोड़ 58 लाख मतदाता कम हैं.
पुरुष और महिला अंतर: अनुमानित पुरुष आबादी और पुरुष मतदाताओं के बीच 94.17 लाख का अंतर है. जबकि अनुमानित महिला आबादी और महिला मतदाताओं के बीच यह अंतर 1.64 करोड़ है.
युवा आबादी का अंतर: 18 से 19 आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 84.47 लाख है. लेकिन ड्राफ्ट सूची में इस उम्र के सिर्फ 11.83 लाख मतदाता ही शामिल हैं.
ईपी रेशियो का अंतर: अनुमानित आबादी के मुकाबले ईपी रेशियो 66.57 है, जबकि ड्राफ्ट मतदाता सूची में यह 55.95 दर्ज किया गया है.
राजनीतिक दलों को सौंपी गई सूची, वेबसाइट पर भी उपलब्ध
सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को ड्राफ्ट मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध करा दी है. इसके साथ ही पूरक मतदाता सूचियों की सॉफ्ट कॉपी भी राजनीतिक दलों को दी गई है. आम नागरिक और राजनीतिक दल ड्राफ्ट मतदाता सूची और पूरक सूचियों को मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर भी देख सकते हैं.
मतदाता ऐसे चेक कर सकते हैं अपना नाम
1.अपने मतदान केंद्र पर उपलब्ध ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम देखा जा सकता है.
2.बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास मौजूद सूची से भी नाम की जांच संभव है.
3.मोबाइल पर ECINET ऐप के जरिए भी मतदाता अपना नाम चेक कर सकते हैं.
4.मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in और नागरिक सेवा पोर्टल voters.eci.gov.in पर भी ऑनलाइन नाम जांचने की सुविधा उपलब्ध है.
