अखिलेश यादव का नया PDA फॉर्मूला, आगरा में बोले- अब D का मतलब दलित नहीं, 'दमदार दलित'
ADVERTISEMENT
आगरा में दलित महासम्मेलन के जरिए अखिलेश यादव ने 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के अभियान का आगाज किया है. उन्होंने पीडीए में 'डी' का मतलब 'दमदार दलित' बताते हुए संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय का मुद्दा उठाया है.
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान से विशाल 'दलित महासम्मेलन' के साथ अपने चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है. इस बड़ी रैली के जरिए अखिलेश यादव ने दलित, पिछड़े, मजदूर, किसान और युवा वर्ग को एक साथ साधने की मजबूत रणनीति पेश की. मंच से अपने मशहूर 'पीडीए' (PDA) फॉर्मूले को एक नई परिभाषा देते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि अब पीडीए में 'डी' (D) का मतलब सिर्फ दलित नहीं, बल्कि 'दमदार दलित' हो गया है. उन्होंने हुंकार भरते हुए कहा कि अब दलित समाज किसी से डरेगा नहीं और अपने अधिकारों के लिए मजबूती के साथ खड़ा होगा.
अखिलेश का नया नारा: पलट देंगे आगरा वाले
आगरा की इस विशाल रैली में 'पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले' के नारों की खूब गूंज सुनाई दी. समाजवादी पार्टी ने इन नारों के जरिए आगामी चुनावों के लिए अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है. रैली के बाद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर जनसैलाब की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि इस भीड़ को देखकर लगा कि सिर्फ पश्चिमी यूपी का ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का दलित समाज आगरा में एकत्र हो गया है. उन्होंने लिखा कि दलित समाज ने यह संदेश दे दिया है कि इस बार वह बीजेपी और उनके साथियों के वर्चस्व को हमेशा के लिए खत्म कर देगा.
संविधान और आरक्षण बचाने का संकल्प
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में अखिलेश यादव ने आगे लिखा कि जो लोग बीजेपी के साथ हैं, पीडीए पूरी तरह से उनके खिलाफ है. आगरा के इस महासम्मेलन में सपा और उसके समर्थकों ने संविधान और आरक्षण को बचाने का संकल्प भी दोहराया. अखिलेश ने साफ किया कि अगर देश में संविधान बचेगा, तभी लोगों का सम्मान बचेगा. उन्होंने दावा किया कि इस रैली की अपार सफलता ने यह साबित कर दिया है कि 2027 में यूपी में पीडीए (सपा) की सरकार आ रही है, जो हर तरह का भेदभाव मिटाकर सामाजिक न्याय का राज लाएगी.
सपा की सोशल इंजीनियरिंग में सेंधमारी की तैयारी
ताज नगरी आगरा से अखिलेश यादव ने अपने राजनीतिक इरादे बिल्कुल साफ कर दिए हैं. उनके बयानों से यह स्पष्ट है कि सपा इस बार सिर्फ अपने पुराने (परंपरागत) वोट बैंक के भरोसे नहीं बैठी है. पीडीए के दायरे को बढ़ाते हुए अखिलेश अब 'दमदार दलित' के जरिए बसपा के खिसकते वोट बैंक और बीजेपी के सोशल इंजीनियरिंग वाले समीकरणों में सेंध लगाने की पूरी तैयारी कर रहे हैं. हालांकि, सियासी जानकारों का मानना है कि मंच से दिए गए इन नारों को चुनाव में वोटों में बदलना अखिलेश के लिए एक बड़ी चुनौती होगी, क्योंकि सामने सत्ताधारी बीजेपी का मजबूत संगठन खड़ा है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि 'पलट देंगे' का यह नारा 2027 के चुनाव में कितना असर दिखाता है.
यह भी पढ़ें: गाजियाबाद PMLA कोर्ट ने सुनाया फैसला, डासना जेल भेजे गए आजम खान, 26 नवंबर को अगली सुनवाई
