लेटेस्ट न्यूज़

209 उम्मीदवारों की लिस्ट पर BJP की सफाई ने सबको चौंकाया, CM योगी और पंकज चौधरी ने एक साथ जारी किया खंडन

ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में टिकटों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. बीते कुछ दिनों से दावा किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित उम्मीदवारों के नामों की सूची बनाकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है.

social share
Google CTA

BJP Clarification On Candidate List: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी में टिकटों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. बीते कुछ दिनों से दावा किया जा रहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित उम्मीदवारों के नामों की सूची बनाकर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है. अब बीजेपी उत्तर प्रदेश ने इस खबर पर आधिकारिक बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है. इस बयान की खास बात यह है कि इस पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों के हस्ताक्षर हैं. पार्टी ने 209 उम्मीदवारों की कथित सूची से जुड़े दावों को पूरी तरह गलत और मनगढ़ंत करार दिया है. ऐसे में सवाल है कि आखिर इस खबर पर सफाई देने के लिए प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को संयुक्त रूप से सामने आने की जरूरत क्यों पड़ी?

BJP ने अपने आधिकारिक बयान में क्या स्पष्ट किया?

बीजेपी उत्तर प्रदेश के लेटरहेड पर जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर 209 प्रत्याशियों की सूची तैयार किए जाने और उसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजने की खबरें सामने आ रही हैं. पार्टी ने इन खबरों को असत्य, निराधार, काल्पनिक और मनगढ़ंत बताया है. विज्ञप्ति के मुताबिक, न तो प्रदेश नेतृत्व और न ही बीजेपी की ओर से ऐसी कोई सूची तैयार की गई है. इसे केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजे जाने का दावा भी गलत बताया गया है. पार्टी ने स्पष्ट किया कि उम्मीदवारों के चयन के लिए एक तय लोकतांत्रिक और संगठनात्मक व्यवस्था है, लेकिन अभी यह प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है. साथ ही कार्यकर्ताओं और आम लोगों से अपील की गई है कि वे भ्रामक खबरों पर भरोसा न करें और पार्टी के अधिकृत मंचों से मिलने वाली जानकारी को ही प्रमाणिक मानें.

यह भी पढ़ें- बॉयफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए GF ने अपने ही घर की खाली कर दीं तिजोरियां, सतेंद्र महंगे बाइक और फोन से बनाता था भौकाल, ऐसे खुला राज!

 

करीब पांच दिन तक चलती रही चर्चा

इस पूरे विवाद की शुरुआत कुछ दिन पहले एक मीडिया संस्थान की उस खबर से हुई थी, जिसमें दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 209 संभावित प्रत्याशियों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेजी है. खबर सामने आने के बाद बीजेपी के अंदर इस कथित सूची को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं. कहीं इसे योगी आदित्यनाथ की पसंद के उम्मीदवारों की सूची बताया गया तो कहीं इसे उन सीटों से जोड़कर देखा गया, जहां संभावित प्रत्याशियों को लेकर संगठन की स्थिति पहले से स्पष्ट बताई जा रही थी. पार्टी नेताओं और टिकट की उम्मीद लगाए बैठे दावेदारों के बीच भी इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं. करीब पांच दिन बाद बीजेपी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इन दावों को खारिज कर दिया. इससे पहले डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य भी ऐसी किसी सूची को केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजे जाने की बात से इनकार कर चुके थे.

लोकसभा चुनाव के बाद भी हुई थी टिकटों पर चर्चा

209 उम्मीदवारों की कथित सूची से जुड़े इस विवाद को 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद बीजेपी के भीतर उठे सवालों के संदर्भ में भी देखा जा रहा है. उस चुनाव में उत्तर प्रदेश में पार्टी को बड़ा झटका लगा था. समाजवादी पार्टी ने 37 और कांग्रेस ने 6 सीटों पर जीत हासिल की थी. चुनाव नतीजों के बाद ऐसी चर्चाएं सामने आई थीं कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुछ मौजूदा सांसदों के टिकट काटने और नए चेहरों को मौका देने की सलाह दी थी, लेकिन उनकी राय को तवज्जो नहीं मिली. करीब 36 सीटों को लेकर भी इस तरह के दावे किए गए थे कि उम्मीदवारों के चयन में मुख्यमंत्री की सलाह को महत्व नहीं दिया गया. हालांकि, ये बातें चुनाव के बाद सामने आए राजनीतिक दावों और चर्चाओं का हिस्सा थीं. ऐसे में 2027 के चुनाव से पहले 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को लेकर उठे विवाद को भी इसी राजनीतिक पृष्ठभूमि में अहम माना जा रहा था.

यह भी पढ़ें- कानपुर में पोस्ट ऑफिस में सालों तक जमा करते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खाते में निकला जीरो बैलेंस

दिल्ली और लखनऊ के बीच तालमेल का संदेश देने की कोशिश?

बीजेपी के इस संयुक्त खंडन को लेकर एक राजनीतिक विश्लेषण यह भी है कि पार्टी नेतृत्व आगामी विधानसभा चुनाव से पहले किसी तरह की गलतफहमी या अंदरूनी खींचतान की चर्चा को आगे नहीं बढ़ने देना चाहता. बताया जा रहा है कि इस बार केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को चुनाव की कमान संभालने के लिए अधिक जिम्मेदारी दी है. ऐसे में अगर 209 उम्मीदवारों की कथित सूची को योगी की पसंद से जोड़कर पेश किया जाता और बाद में टिकटों में बदलाव होता, तो मुख्यमंत्री की राय को लेकर फिर सवाल खड़े हो सकते थे. इससे चुनाव से पहले पार्टी के भीतर मतभेदों का एक नया नैरेटिव तैयार होने की आशंका बन सकती थी. ऐसे में मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के हस्ताक्षर से जारी खंडन को ऐसी अटकलों को रोकने और दोनों नेतृत्व के बीच तालमेल का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.

अब उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर टिकी नजरें

बीजेपी ने अपने आधिकारिक बयान में साफ कर दिया है कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है. पार्टी के मुताबिक, उम्मीदवारों के नामों से जुड़े प्रस्ताव संगठन के अलग-अलग स्तरों से होते हुए केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचते हैं. इसके बाद संबंधित बैठकों और संसदीय बोर्ड की प्रक्रिया के जरिए अंतिम फैसला लिया जाता है. ऐसे में 209 उम्मीदवारों की कथित सूची पर आए खंडन के बाद अब यह देखना अहम होगा कि बीजेपी 2027 के चुनाव के लिए प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया कब शुरू करती है और इसे किस तरह आगे बढ़ाती है. इसके साथ ही चुनाव की तैयारियों के दौरान प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय नेतृत्व के बीच तालमेल किस रूप में दिखाई देता है, इस पर भी राजनीतिक नजरें रहेंगी.