लेटेस्ट न्यूज़

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से सपा पर बढ़ेगा मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट देने का दबाव? एक्सपर्ट से जानिए

UP Election 2027 को लेकर Vote Vibe सर्वे ने सियासी हलचल बढ़ा दी है. NDA और INDIA गठबंधन के बीच वोट शेयर का अंतर कितना है? योगी-अखिलेश में कौन मुख्यमंत्री की पहली पसंद बना और ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन क्या बदल सकता है?

ADVERTISEMENT

Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad
Asaduddin Owaisi Chandrashekhar Azad
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की आहट के बीच चुनावी माहौल को भांपने के लिए सामने आए Vote Vibe के ताजा सर्वे ने राज्य की सियासत में नई बहस छेड़ दी है. न्यूज Tak के खास कार्यक्रम 'साप्ताहिक सभा' में Tak चैनल्स के मैनेजिंग एडिटर मिलिंद खांडेकर के साथ बातचीत करते हुए राजनीतिक विश्लेषक अमिताभ तिवारी ने इस सर्वे के आंकड़ों और इसके पीछे छिपे सियासी समीकरणों का बारीकी से विश्लेषण किया है. सर्वे के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में इस बार मुख्य मुकाबला सीधे तौर पर एनडीए (NDA) और इंडिया (INDIA) गठबंधन के बीच सिमटता दिख रहा है जहां दोनों खेमों के बीच बेहद करीबी टक्कर के आसार हैं.

NDA को 42%, तो INDIA गठबंधन को 39% वोट मिलने का अनुमान

अमिताभ तिवारी के विश्लेषण और Vote Vibe के ट्रैकर के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में वोट शेयर के मामले में एनडीए को मामूली बढ़त मिलती दिख रही है. लेकिन 3 प्रतिशत के 'मार्जिन ऑफ एरर' को देखते हुए यह मुकाबला बेहद कड़ा माना जा रहा है.

NDA (बीजेपी गठबंधन): सर्वे के मुताबिक एनडीए को करीब 42% वोट मिलने की संभावना जताई गई है.

INDIA गठबंधन (सपा-कांग्रेस): समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन को करीब 39% वोट मिलने का अनुमान है.

बहुजन समाज पार्टी (BSP): बसपा के वोट शेयर में लगातार गिरावट का ट्रेंड दिख रहा है जो लोकसभा चुनाव के 9% से घटकर अब 6% के आसपास आता दिखाई दे रहा है.अमिताभ तिवारी के अनुसार, बसपा के 10% से नीचे जाने का मतलब है कि यूपी की राजनीति अब त्रिकोणीय के बजाय मुख्य रूप से द्विध्रुवीय (Bipolar) हो गई है.

मुख्यमंत्री की पसंद कौन? योगी और अखिलेश की लोकप्रियता के आंकड़े

सर्वे में लोगों की राय इस बात पर भी ली गई है कि वे उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में किसे देखना चाहते हैं. अमिताभ तिवारी द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार:

योगी आदित्यनाथ: सर्वे में शामिल 44% लोगों ने योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री के रूप में अपनी पहली पसंद बताया है. विश्लेषक के अनुसार, राज्य में करीब 15% मतदाता सीधे मुख्यमंत्री के चेहरे को ध्यान में रखकर वोट करते हैं जिसका सीधा लाभ एनडीए को मिलता दिख रहा है.

अखिलेश यादव और प्रियंका गांधी: वहीं 35% लोगों ने अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री पद के लिए अपनी पसंद बताया है. इसके अलावा करीब 6% लोगों ने प्रियंका गांधी का नाम लिया है. दोनों आंकड़ों को मिलाने पर इंडिया गठबंधन के चेहरों की संयुक्त पसंद 41% तक पहुंचती है जो उनके अनुमानित वोट शेयर के काफी करीब है.

क्या बदल सकते हैं समीकरण? 'ओवैसी-चंद्रशेखर' गठबंधन और अन्य फैक्टर

विश्लेषण के दौरान इस बात पर भी चर्चा हुई कि 2024 के लोकसभा चुनावों के मुकाबले इस सर्वे में एनडीए की स्थिति क्यों सुधरती दिख रही है और आने वाले समय में कौन से नए फैक्टर खेल बदल सकते हैं.

ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का नया मोर्चा: हाल ही में असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच हुए गठबंधन का असर अभी इस सर्वे में शामिल नहीं है. अमिताभ तिवारी के मुताबिक, यह नया गठबंधन भले ही बड़ी संख्या में सीटें न जीत पाए. लेकिन कांटे की टक्कर में 2 से 4 प्रतिशत दलित-मुस्लिम वोटों में सेंध लगाकर यह 'स्पॉइलर' या 'किंगमेकर' की भूमिका निभा सकता है. इससे समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम उम्मीदवारों को ज्यादा टिकट देने का दबाव भी बढ़ेगा.

वोटों की वापसी और स्थानीय मुद्दे: विश्लेषक का मानना है कि पिछले दो सालों में अखिलेश यादव के राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय रहने'संविधान खतरे में है' जैसे नैरेटिव के कम असर और गैर-यादव ओबीसी व गैर-जाटव दलितों के एक हिस्से की वापसी से एनडीए को बल मिला है. हालांकि बसपा में आकाश आनंद की सक्रियता और सरकार की संभावित नई महिला कल्याण योजनाएं आने वाले महीनों में प्रदेश के चुनावी समीकरणों को और प्रभावित कर सकती हैं.

ये भी पढ़ें: क्या हरिशंकर तिवारी के बेटे को टिकट देंगे अखिलेश यादव? चिल्लू पार विधानसभा सीट पर त्रिकोणीय मुकाबले के बने आसार