गाजियाबाद से कार लेकर आते, रात में Google Map पर शराब की दुकानें खोजकर करते थे चोरी, बिजनौर में पकड़े गए 3 बदमाश
बिजनौर में शराब की दुकानों में चोरी करने वाले गाजियाबाद के गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोपी गूगल मैप से दुकानों की लोकेशन तलाशते और रात में शटर काटकर चोरी करते थे. पुलिस मुठभेड़ के बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया, जिसमें गैंग का मुखिया आश मोहम्मद उर्फ आशु पैर में गोली लगने से घायल हो गया.
ADVERTISEMENT

Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शराब की दुकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. इस गैंग के सदस्य गाजियाबाद से कार लेकर बिजनौर पहुंचते थे. यहां गूगल मैप की मदद से शराब की दुकानों की लोकेशन तलाशते और फिर रात के अंधेरे में सुनसान जगहों पर मौजूद दुकानों के शटर काटकर चोरी कर लेते थे. देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसके बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस दौरान गैंग के मुखिया आश मोहम्मद उर्फ आशु के पैर में गोली लगी. पकड़े गए तीनों आरोपी गाजियाबाद के रहने वाले हैं. पुलिस के मुताबिक इनके खिलाफ यूपी के कई जिलों और मध्य प्रदेश में चोरी समेत अन्य अपराधों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं.
दो शराब की दुकानों में की थी चोरी
पुलिस के मुताबिक बीती 2 नवंबर की रात हल्दौर थाना क्षेत्र के बालकिशनपुर चौराहे पर स्थित शराब की दो दुकानों को बदमाशों ने निशाना बनाया था. आरोपी शटर काटकर अंदर घुसे और चोरी करने के बाद फरार हो गए. चौराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई थी. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की तो पता चला कि वारदात में इस्तेमाल कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी. इससे पहले 1 नवंबर को नजीबाबाद थाना क्षेत्र के गांव गुनियापुर में भी शराब की दुकान का शटर काटकर चोरी की गई थी. इस घटना का फुटेज भी सामने आया था. लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थी.
यह भी पढ़ें- बॉयफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए GF ने अपने ही घर की खाली कर दीं तिजोरियां, सतेंद्र महंगे बाइक और फोन से बनाता था भौकाल
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार को रोका
एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह के मुताबिक देर रात पुलिस को सूचना मिली कि शराब की दुकानों में चोरी करने वाले आरोपी फिर किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में इलाके में घूम रहे हैं. इसके बाद पुलिस टीम ने कुंडा गांव की नहर की तरफ से आ रही सफेद रंग की स्विफ्ट कार को रोकने की कोशिश की. खुद को घिरा देखकर कार सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. इसके बाद पुलिस ने घायल आरोपी समेत तीनों को पकड़ लिया.
आश मोहम्मद पैर में गोली लगने से घायल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आश मोहम्मद उर्फ आशु, कार्तिक शर्मा और अतुल त्यागी के रूप में हुई है. तीनों गाजियाबाद जिले के रहने वाले हैं. पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ में घायल हुआ आश मोहम्मद इस गिरोह का मुखिया है. पूछताछ में आरोपियों ने बिजनौर में शराब की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की. उन्होंने बताया कि वे गाजियाबाद से कार लेकर निकलते थे और गूगल मैप के जरिए दुकानों की लोकेशन खोजते थे. इसके बाद रात में सुनसान जगहों पर पहुंचकर शटर काटते और चोरी करके वहां से निकल जाते थे.
तमंचे, शटर काटने के औजार और कार बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं. इनमें पेचकस और शटर काटने वाला बोल्ट कटर भी शामिल है. इसके अलावा सफेद रंग की स्विफ्ट कार और दुकानों से चोरी किए गए 30 हजार रुपये भी मिले हैं. पुलिस के मुताबिक कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी. आरोपी इसी गाड़ी का इस्तेमाल वारदातों को अंजाम देने और पुलिस की नजरों से बचने के लिए करते थे. बरामद औजारों से उनके चोरी करने के तरीके की जानकारी भी सामने आई है.
यह भी पढ़ें- कानपुर में पोस्ट ऑफिस में सालों तक जमा करते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खाते में निकला जीरो बैलेंस
कई जिलों और मध्य प्रदेश तक फैला था नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह केवल बिजनौर में ही वारदात नहीं करता था. आरोपी मध्य प्रदेश के शिवपुरी के अलावा मेरठ, आगरा, बुलंदशहर और गाजियाबाद समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शराब की दुकानों में इसी तरीके से चोरी कर चुके हैं. इनके खिलाफ अलग-अलग जगहों पर चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है. गाजियाबाद से निकलकर दूसरे जिलों में वारदात करना इनके काम करने का तरीका था.
गिरोह के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मुठभेड़ में घायल आश मोहम्मद का उपचार कराया जा रहा है. एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह के मुताबिक पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गैंग ने अब तक किन-किन जगहों पर शराब की दुकानों को निशाना बनाया है.
