लेटेस्ट न्यूज़

अयोध्या से जनकपुर धाम तक चलेगी नई ट्रेन, 604 KM लंबे सफर में यूपी के 4 और बिहार से 6 स्टेशन शामिल

अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक जाने वाले यात्रियों को जल्द ही सीधी ट्रेन की सुविधा मिल सकती है. रेलवे ने 604 किलोमीटर लंबे इस रूट पर साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है. ट्रेन यूपी के किन स्टेशनों पर रुकेगी और कब से शुरू हो सकती है, जानें पूरी जानकारी.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक जाने वाले यात्रियों को जल्द ही ट्रेन की सुविधा मिलने वाली है. भारतीय रेलवे ने अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच साप्ताहिक ट्रेन चलाने को मंजूरी दे दी है. ट्रेन भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम से जोड़ेगी. करीब 604 किलोमीटर की इस यात्रा में उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के यात्री सफर कर सकेंगे.

रेलवे की इस नई सेवा से यूपी के अयोध्या, गोंडा, बस्ती और गोरखपुर के यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा. अभी तक इस रूट पर दोनों धार्मिक स्थलों के बीच ऐसी सीधी साप्ताहिक रेल सेवा नहीं थी. रेलवे के मुताबिक, ट्रेन सप्ताह में एक दिन चलेगी. अयोध्या कैंट से इसकी रवानगी सोमवार को होगी, जबकि जनकपुर धाम से हर शनिवार को चलेगी.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, 23 नवंबर को इस ट्रेन को शुरू करने की तैयारी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह इसके उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. 

यूपी के इन चार प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन

अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच चलने वाली ट्रेन का रूट उत्तर प्रदेश के यात्रियों के लिहाज से भी खास है. ट्रेन अयोध्या कैंट से रवाना होकर मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर से गुजरेगी. इन स्टेशनों पर यात्रियों के लिए ठहराव रहेगा.

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, इस ट्रेन के 10 व्यावसायिक ठहराव तय किए गए हैं. इनमें चार स्टेशन उत्तर प्रदेश के हैं. बाकी छह ठहराव बिहार में होंगे. अभी ट्रेन का विस्तृत टाइम टेबल और किराया घोषित नहीं किया गया है.

यात्रा के दौरान ट्रेन इन स्टेशनों पर रुकेगी

  • मनकापुर
  • बस्ती
  • गोरखपुर
  • नरकटियागंज
  • रक्सौल
  • सीतामढ़ी
  • शीशो
  • मधुबनी
  • जयनगर

604 किलोमीटर का होगा सफर

अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच ट्रेन करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करेगी. इस दौरान उत्तर प्रदेश के बाद बिहार में प्रवेश करेगी. बिहार में नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर जैसे शहर इस रेल संपर्क से जुड़ेंगे.

ट्रेन का रूट इस तरह रहेगा

  • उत्तर प्रदेश: अयोध्या कैंट, मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर.
  • बिहार: नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, दरभंगा, मधुबनी और जयनगर.
  • नेपाल: जयनगर से आगे जनकपुर धाम.

धार्मिक यात्रा के साथ कारोबार को भी मिल सकता है फायदा

अयोध्या और जनकपुर धाम दोनों ही रामायण परंपरा से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थल हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मस्थली है, जबकि नेपाल का जनकपुर धाम माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है.

नई रेल सेवा शुरू होने से दोनों जगहों के बीच आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी. अयोध्या आने वाले श्रद्धालु जनकपुर धाम तक अपनी यात्रा की योजना बना सकेंगे. इसी तरह नेपाल से अयोध्या आने वाले यात्रियों को भी रेल का विकल्प मिलेगा.

रेलवे के मुताबिक, इस सेवा से धार्मिक पर्यटन के अलावा पढ़ाई, कारोबार और परिवार से मिलने के लिए भारत-नेपाल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी. रास्ते में पड़ने वाले शहरों के होटल, स्थानीय दुकानदार, पर्यटन से जुड़े कारोबार और पारंपरिक कारीगरों को भी यात्रियों की आवाजाही बढ़ने से फायदा मिलने की उम्मीद है. 

ये भी पढ़ें- यूपी के यात्रियों के लिए रेलवे की 2 स्पेशल ट्रेनें, जानें गाजियाबाद, प्रयागराज, गोरखपुर और बरेली में ठहराव का टाइम