फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में SC ने आजम खान की सजा पर रोक को रखा बरकरार, पत्नी और बेटे को भी मिली राहत
फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. यूपी सरकार की याचिका खारिज होने के बाद तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम को भी राहत मिली, जानिए कोर्ट ने क्या फैसला सुनाया?
ADVERTISEMENT

फर्जी जन्म प्रमाण पत्र मामले में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान और उनके परिवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है. सुप्रीम कोर्ट ने आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली राहत को बरकरार रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका खारिज कर दी है. इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने इस मामले में आजम खान की पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आजम खान को भी राहत देते हुए उनकी दोषसिद्धि पर रोक लगा दी है.
सुप्रीम कोर्ट का फैसला और याचिकाओं पर रुख
मई 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आजम खान की सजा और दोषसिद्धि पर रोक लगा दी थी. लेकिन उनकी पत्नी और बेटे की दोषसिद्धि पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने आजम खान को मिली राहत को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी. दूसरी ओर तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम ने हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. मंगलवार को हुई सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने यूपी सरकार की अपील खारिज कर दी और परिवार के दोनों सदस्यों की दोषसिद्धि पर भी रोक लगाने का आदेश दिया.
क्या है पूरा मामला?
यह विवाद अब्दुल्ला आजम के दो अलग-अलग जन्म प्रमाण पत्र बनवाने से जुड़ा है. आरोपों के अनुसार, एक प्रमाण पत्र में उनका जन्मस्थान रामपुर और दूसरे में लखनऊ दर्ज कराया गया था. इस मामले में सुनवाई करते हुए रामपुर की निचली अदालत ने आजम खान, तंजीम फातिमा और अब्दुल्ला आजम को दोषी ठहराते हुए तीनों को सात-सात साल की कैद की सजा सुनाई थी.
