लेटेस्ट न्यूज़

यूपी में कांग्रेस की 181 सीटों वाली लिस्ट ने बढ़ाई अखिलेश की टेंशन, सपा की जीती सीटों पर भी ठोका दावा!

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की चर्चा तेज है. इस बीच कांग्रेस की 181 सीटों की कथित सूची सामने आई है, जिसमें सपा की जीती हुई सीटें भी शामिल हैं. ऐसे में अखिलेश यादव के सामने कांग्रेस की मांग पर सहमति बनाने की चुनौती होगी.

ADVERTISEMENT

Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi
Akhilesh Yadav and Rahul Gandhi (Photo: AI Generated)
social share
Google CTA

UP Politics: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे की चर्चा तेज हो गई है. इस बीच कांग्रेस की ओर से सपा को सौंपी गई 181 सीटों की कथित सूची सामने आने के बाद गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर खींचतान की संभावना बढ़ गई है. दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस की इस सूची में समाजवादी पार्टी की जीती हुई सीटें भी शामिल बताई जा रही हैं. सहारनपुर देहात जैसी सीट पर भी कांग्रेस ने दावा किया है, जहां से सपा के आशु मलिक विधायक हैं. ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर कांग्रेस ने इतनी बड़ी संख्या में सीटों की मांग क्यों की है और अखिलेश यादव के लिए इस मांग पर सहमति बनाना कितना आसान होगा?

181 सीटों की सूची में सपा की जीती हुई सीटें भी शामिल

कांग्रेस की कथित सूची में कुल 181 विधानसभा सीटें शामिल हैं. रिपोर्टों के मुताबिक, इनमें 22 ऐसी सीटें हैं जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. इनमें कुछ ऐसी सीटें भी बताई जा रही हैं जहां से सपा के टिकट पर जीते विधायक बाद में पार्टी छोड़ चुके हैं. सूची में अमेठी, रायबरेली और सहारनपुर की सीटों के अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों को शामिल किया गया है. कांग्रेस ने उन सीटों पर भी दावा किया है, जिन पर 2022 में सपा गठबंधन के तहत राष्ट्रीय लोक दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने चुनाव लड़ा था. हालांकि, यह सूची दोनों दलों की ओर से आधिकारिक रूप से सार्वजनिक नहीं की गई है और इसे सामने आई कथित सूची के आधार पर देखा जा रहा है.

यह भी पढ़ें- कांग्रेस ने किया कर दिया साफ, अखिलेश यादव के चेहरे पर लड़ेगी चुनाव! जीतने वाली सीटों पर होगा फोकस

 

अमेठी-रायबरेली की सभी सीटों पर कांग्रेस की नजर

कांग्रेस की इस सूची में अमेठी और रायबरेली की सभी विधानसभा सीटों पर दावा किए जाने की बात सामने आई है. इनमें रायबरेली सदर, बछरावां, हरचंदपुर, सलोन, सरेनी और ऊंचाहार के साथ तिलोई, जगदीशपुर, गौरीगंज और अमेठी जैसी सीटें शामिल हैं. इनमें बछरावां, हरचंदपुर, सरेनी, ऊंचाहार, गौरीगंज और अमेठी सीटें 2022 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी ने जीती थीं. इसके अलावा सहारनपुर देहात सीट भी सूची में शामिल बताई जा रही है, जहां से सपा के आशु मलिक विधायक हैं. ऐसे में कांग्रेस की मांग सपा के लिए बातचीत का अहम मुद्दा बन सकती है.

लखनऊ और पश्चिमी यूपी की सीटों पर भी दावा

कांग्रेस की सूची में लखनऊ की कई विधानसभा सीटों के नाम भी बताए जा रहे हैं. इनमें मोहनलालगंज, मलिहाबाद, बक्शी का तालाब, सरोजनी नगर और लखनऊ पूर्व शामिल हैं. इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर भी कांग्रेस ने दावा किया है. इनमें वे सीटें भी बताई जा रही हैं, जिन पर 2022 के चुनाव में सपा गठबंधन के तहत आरएलडी या सुभासपा के उम्मीदवार मैदान में थे. सूची के मुताबिक, कांग्रेस ने 181 सीटों में से 135 सामान्य वर्ग की, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट मांगी है.

आंकड़ों में कांग्रेस का प्रदर्शन क्या कहता है?

कांग्रेस की 181 सीटों की मांग को समझने के लिए उत्तर प्रदेश में उसके पिछले विधानसभा चुनावों के प्रदर्शन पर भी नजर डालना जरूरी है. साल 1991 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 46 सीटें जीती थीं. 1993 में उसे 28 और 1996 में 33 सीटें मिलीं. इसके बाद पार्टी कभी 30 सीटों का आंकड़ा पार नहीं कर सकी. 2002 में कांग्रेस ने 25, 2007 में 22 और 2012 में 28 सीटें जीतीं. वहीं, 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी सिर्फ 7 सीटों पर सिमट गई और 2022 में उसे महज 2 सीटों पर जीत मिली. ऐसे में 181 सीटों की मांग को लेकर राजनीतिक हलकों में सवाल उठ रहे हैं कि कांग्रेस इस बार किस आधार पर इतने बड़े हिस्से की दावेदारी कर रही है.

यह भी पढ़ें- धीरेंद्र शास्त्री को लेने एयरपोर्ट पहुंचे राजा भैया, खुद गाड़ी चलाकर लाए बेंती कोठी, आज से शुरू होगी रामकथा

 

अखिलेश यादव ने क्या कहा?

कांग्रेस की मांग को लेकर अखिलेश यादव ने भी अपनी बात रखी है. उनका कहना है कि गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और सीटों पर आपसी सहमति से फैसला होगा. उन्होंने संकेत दिया कि जिस सीट पर जिस दल का उम्मीदवार ज्यादा मजबूत होगा, उसे ही चुनाव लड़ने का मौका दिया जाएगा. यानी सिर्फ सीटों की संख्या के आधार पर फैसला नहीं होगा, बल्कि उम्मीदवार की जीतने की क्षमता भी देखी जाएगी. कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने भी गठबंधन की संभावनाओं को लेकर बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि पिछले लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन के प्रदर्शन को देखते हुए इस बार गठबंधन के पक्ष में ज्यादा सीटें आ सकती हैं. हालांकि, यह उनका राजनीतिक आकलन है.

कांग्रेस ने बनाई स्क्रीनिंग कमेटी

कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत उम्मीदवारों के चयन के लिए स्क्रीनिंग कमेटी बनाई है. इस कमेटी की अध्यक्षता अजय माकन कर रहे हैं. वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेता भी उन सीटों को लेकर अपनी राय तैयार कर रहे हैं, जहां पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है. प्रियंका गांधी वाड्रा को गठबंधन और सीट बंटवारे की बातचीत में अहम जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है. अंतिम स्तर पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी. दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी की तरफ से सीटों पर बातचीत के लिए कमेटी बनाने की तैयारी की बात सामने आई है. दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीट बंटवारे पर बातचीत शुरू होने की जानकारी भी कांग्रेस की ओर से दी गई थी.

यह भी पढ़ें- अखिलेश के 'दमदार दलित' बयान पर भाजपा का पलटवार, 3 बड़े नेताओं ने घेरा

 

क्या 181 से घटकर 100 के आसपास आएगी कांग्रेस की मांग?

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या कांग्रेस अपनी 181 सीटों की शुरुआती मांग से पीछे हटेगी? सपा के सामने चुनौती यह है कि वह कांग्रेस को कितनी सीटें दे और अपनी जीती हुई सीटों पर दावेदारी कैसे बनाए रखे. राजनीतिक चर्चा में कांग्रेस के लिए 100 से कम सीटों पर सहमति बनना मुश्किल बताया जा रहा है, जबकि सपा की ओर से इससे काफी कम सीटें देने की संभावना की बात कही जा रही है. हालांकि, दोनों दलों के बीच अंतिम संख्या पर अभी कोई सहमति नहीं बनी है. ऐसे में 181 सीटों की यह सूची गठबंधन की बातचीत की शुरुआत है या कांग्रेस की वास्तविक मांग, इसका जवाब आने वाली बैठकों में ही मिलेगा.