कांग्रेस ने अखिलेश यादव से मांगीं ये 181 सीटें, सपा के 22 मौजूदा विधायकों वाली सीटें भी शामिल
यूपी में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के सामने 181 सीटों की मांग रखी है. इस सूची में 22 ऐसी सीटें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल सपा के विधायक हैं. मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट पर कांग्रेस की दावेदारी ने सीट बंटवारे की चर्चा बढ़ा दी है. जानिए 181 सीटों का पूरा गणित और किन सीटों पर दोनों दलों के बीच पेच फंस सकता है.
ADVERTISEMENT

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू होने जा रही है. दोनों दल लोकसभा चुनाव 2024 में साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं और अब विधानसभा चुनाव में भी गठबंधन जारी रखने की तैयारी में हैं. हालांकि सीटों की मांग को लेकर दोनों पार्टियों के बीच सहमति बनाना आसान नहीं दिख रहा है.
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने हाल ही में खुलासा किया था कि कांग्रेस यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 पर चुनाव लड़ना चाहती है. अब कांग्रेस की ओर से मांगी गई इन सीटों की सूची भी सामने आई है. इस सूची में कई ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां अभी समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. कांग्रेस ने मुजफ्फरनगर की चरथावल सीट पर भी दावा किया है. यहां से सपा के पंकज मलिक विधायक हैं.
सूची में सिर्फ सपा की मौजूदा सीटें ही नहीं हैं. कांग्रेस ने उन सीटों को भी शामिल किया है, जिन पर पिछले विधानसभा चुनाव में सपा और राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) गठबंधन के उम्मीदवार जीते थे. इस तरह कांग्रेस की मांग में गठबंधन के मौजूदा विधायकों वाली सीटें भी शामिल हो गई हैं.
अखिलेश यादव ने कैसे बताया 181 सीटों का आंकड़ा?
अखिलेश यादव ने 14 नवंबर को दिल्ली में आयोजित हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में कांग्रेस की सीटों की मांग का खुलासा किया था. उनसे पूछा गया था कि क्या कांग्रेस यूपी में 100 सीटें मांग रही है? इस पर अखिलेश ने कहा था कि कांग्रेस की मांग इससे ज्यादा है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या कांग्रेस 180 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है तो अखिलेश ने जवाब दिया कि इसमें एक और जोड़ दीजिए. उनके इस जवाब से कांग्रेस की मांग 181 सीटें होने की बात सामने आई.
उत्तर प्रदेश विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं. इस हिसाब से कांग्रेस करीब 45 फीसदी सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है. पार्टी ने अपनी मांग के समर्थन में 181 विधानसभा क्षेत्रों की सूची भी समाजवादी पार्टी को सौंपी है.
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी कहा है कि दोनों दलों के बीच 17 नवंबर से सीटों को लेकर बातचीत शुरू होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों की संख्या पर अंतिम फैसला बातचीत के बाद ही होगा.
सीट बंटवारे पर अखिलेश बोले- इंडिया गठबंधन मिलकर लड़ेगा चुनाव
आज दिल्ली से पत्रकारों से बातचीत के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नया बयान भी आया है. उन्होंने कहा कि सीट शेयरिंग को लेकर अभी कोई विवाद नहीं है. इंडिया गठबंधन मिलकर चुनाव लड़ेगा और दोनों दल आपसी सहमति से सीटों का एडजस्टमेंट करेंगे.
अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे का तरीका समझाते हुए कहा कि अगर किसी सीट पर सपा और कांग्रेस दोनों का दावा होता है तो वहां दोनों दल मिलकर फैसला करेंगे. जिस उम्मीदवार के जीतने की संभावना ज्यादा होगी, उसे चुनाव लड़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां एक-दूसरे का सम्मान करते हुए आगे बढ़ेंगी.
181 सीटों की सूची में कितनी सामान्य और आरक्षित सीटें?
कांग्रेस ने अपनी सूची में उत्तर प्रदेश के 57 जिलों की विधानसभा सीटों को शामिल किया है. इनमें सामान्य और आरक्षित दोनों तरह की सीटें हैं. 135 सामान्य सीटें, 45 एससी आरक्षित और 1 एसटी आरक्षित सीट है. इस तरह कुल 181 सीटें होती हैं.
इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा उन सीटों की है, जहां फिलहाल समाजवादी पार्टी के विधायक हैं. सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने ऐसी 22 सीटों पर भी दावा किया है. इनमें मुजफ्फरनगर की चरथावल विधानसभा सीट भी शामिल है. यहां से पंकज मलिक सपा के विधायक हैं.
कांग्रेस की सूची में गौरीगंज, ऊंचाहार और कालपी जैसी सीटें भी हैं. इन सीटों से पहले सपा के टिकट पर चुनाव जीत चुके राकेश प्रताप सिंह, मनोज पांडेय और विनोद चतुर्वेदी अब पार्टी छोड़ चुके हैं. इन नेताओं के दल बदलने के बाद इन सीटों का राजनीतिक समीकरण बदल चुका है.
2022 के चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन कैसा रहा था?
कांग्रेस की 181 सीटों की मांग को समझने के लिए पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे भी देखना जरूरी है. साल 2022 के यूपी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 399 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे. इनमें पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत मिली थी.
दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं. सपा ने उस चुनाव में आरएलडी समेत दूसरे सहयोगी दलों के साथ गठबंधन किया था. 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियां फिर साथ आईं. इस चुनाव में सपा ने उत्तर प्रदेश की 37 और कांग्रेस ने 6 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की. लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रदर्शन को कांग्रेस अपनी मौजूदा दावेदारी के आधार के तौर पर देख रही है.
कांग्रेस का कहना है कि गठबंधन में उसे बराबर और सम्मानजनक हिस्सेदारी मिलनी चाहिए. पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम भी इस बात को दोहरा चुके हैं. दूसरी तरफ सपा के लिए उन सीटों पर समझौता करना चुनौती हो सकता है, जहां उसके मौजूदा विधायक हैं या जहां पार्टी का अपना मजबूत आधार है.
ये भी पढ़ें- अखिलेश के 'दमदार दलित' बयान पर भाजपा का पलटवार, 3 बड़े नेताओं ने घेरा
