सपा में शामिल होने वाले भगवाधारी संत बाल योगी दास कौन हैं, अखिलेश यादव का देंगे साथ
आगरा के भगवाधारी संत बाल योगी दास ने गरीबों के हक की लड़ाई से सियासत तक का सफर तय किया है. 18 करोड़ के मेडिकल बिल माफ कराने का दावा करने वाले इस युवा संत ने सपा क्यों ज्वाइन की और क्या है उनका राजनीतिक एजेंडा?
ADVERTISEMENT

सड़क से लेकर सिस्टम तक अपने तीखे तेवरों और संघर्षों के दम पर पहचान बनाने वाले आगरा के भगवाधारी संत बाल योगी दास उर्फ मनोज शुक्ला ने अब सियासत के मैदान में कदम रख दिया है. कभी गरीबों, रिक्शा चालकों, अस्पतालों की लूट और प्राइवेट स्कूलों की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाने वाले बाल योगी दास ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया है. 35 साल के इस युवा संत का सफर साधु के चोले से शुरू होकर अदालतों की जनहित याचिकाओं, सोशल मीडिया और अब राजनीतिक गलियारों तक जा पहुंचा है.
संन्यासी जीवन और जमीन पर संघर्ष
आगरा के किरावली में जन्मे मनोज शुक्ला ने साल 2011 में संन्यासी जीवन अपना लिया था और वृंदावन की सुदामा कुटी से जुड़कर सुतीक्ष्ण दास महाराज के शिष्य बने. हालांकि उनका संन्यास केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं रहा. वे लगातार उन लोगों की आवाज बने जिनकी सुनवाई बड़े दफ्तरों में नहीं होती, जैसे रिक्शा चालक, ठेला-रेहड़ी वाले और फुटपाथ पर रहने वाले गरीब मजदूर. लोहार समाज के अधिकारों और उन्हें मकान दिलाने की मुहिम में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही.
सिस्टम और निजी कंपनियों के खिलाफ मोर्चा
बाल योगी दास ने आम जनता की जेब पर पड़ने वाले बोझ के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया.उनका दावा है कि उन्होंने बिना किसी की मदद के प्राइवेट अस्पतालों की लूट के खिलाफ आवाज उठाते हुए 18 करोड़ रुपए से अधिक के मेडिकल बिल माफ कराए हैं. निजी स्कूलों द्वारा वसूली जा रही भारी-भरकम फीस और आगरा की टोरेंट पावर कंपनी द्वारा बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ उन्होंने हाई कोर्ट में जनहित याचिकाएं (PIL) भी दाखिल की हैं. सिस्टम से इस लड़ाई के दौरान उन्हें चार बार जेल जाना पड़ा जहां उन्होंने कुल 64 दिन बिताए और पांच से अधिक मुकदमों का सामना किया.
सोशल मीडिया का हथियार और राजनीतिक बदलाव
सड़कों पर आंदोलनों के साथ-साथ बाल योगी दास ने सोशल मीडिया को अपनी ताकत बनाया. फेसबुक और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और उनके वीडियो को अखिलेश यादव, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अरविंद केजरीवाल जैसे बड़े नेता भी साझा कर चुके हैं. अब तक निर्दलीय और सामाजिक रूप से मुखर रहे बाल योगी दास ने सपा ज्वाइन करके एक नया दांव चला है.
सियासी समीकरण और बड़े सवाल
समाजवादी पार्टी में शामिल होने के बाद उनका यह भगवा चोला और सोवियत/समाजवादी विचारधारा का मेल काफी चर्चा में है. उन्होंने 80-20 के सियासी फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए कहा है कि सरकार को जाति या वर्ग विशेष (80%) की नहीं बल्कि 100% जनता के कल्याण के लिए काम करना चाहिए.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या सड़क पर गरीबों के हक की लड़ाई लड़ने वाला यह चेहरा सियासी गलियारों में भी अपनी वही विश्वसनीयता बनाए रख पाएगा या फिर यह भगवे से समाजवाद तक का सफर सिर्फ एक राजनीतिक कदम बनकर रह जाएगा?
