लेटेस्ट न्यूज़

कन्नौज में पति-पत्नी की हत्या के आरोपी का एनकाउंटर, पुलिस के सामने बता दी अपनी सारी करतूत

कन्नौज में पति-पत्नी की दोहरी हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी योगेश राजपूत उर्फ पंगा को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था. उसने दंपती की हत्या के साथ दो साल की बच्ची को भी घायल कर दिया था. जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से नौ मुकदमों में नामजद है.

ADVERTISEMENT

UP Tak
social share
Google CTA

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पति-पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी करने के इरादे से घर में घुसा था. वहां पति के जाग जाने पर उसने डंडे से हमला कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद पत्नी की भी गला कसकर जान ले ली. 

पुलिस ने पूछताछ के आधार पर ये भी खुलासा किया कि आरोपी ने महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म किया था. उसने दंपती की दो साल की बच्ची को भी घायल कर दिया था.

पुलिस ने आरोपी की पहचान योगेश राजपूत उर्फ पंगा के रूप में की है. कन्नौज के तालग्राम थाना क्षेत्र के भोजापुर गांव का रहने वाला है. मंगलवार को कसारी के जंगल में पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी. 

जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी. घायल आरोपी को पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए हैं.

पुराने सरकारी आवास में मिले थे पति-पत्नी के शव

घटना गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र की है. 4 और 5 नवंबर 2026 की रात पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के जर्जर सरकारी आवास में पति-पत्नी के शव मिले थे. मृतकों की पहचान 35 वर्षीय संजीव कठेरिया और उनकी पत्नी 32 वर्षीय शिखा के रूप में हुई थी. संजीव फर्रुखाबाद जिले के मोहम्मदाबाद थाना क्षेत्र के पखना विहार के रहने वाले थे.

संजीव गुरसहायगंज रेलवे स्टेशन पर टिकट बांटने का काम करते थे. वह अपनी पत्नी और दो साल की बेटी तान्या के साथ पुराने पीएचसी के जर्जर आवास में रहते थे. घटना के बाद कमरे में संजीव और शिखा के शव पड़े मिले थे. शिखा के गले पर साड़ी या दुपट्टे से कसाव के निशान थे, जबकि संजीव के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए थे.

उनकी दो साल की बेटी तान्या भी घायल हालत में मिली थी. पुलिस ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया था. एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, बच्ची अब सुरक्षित है और अपने घर लौट आई है.

सीसीटीवी फुटेज से सामने आया आरोपी का नाम

दोहरी हत्या की जांच के लिए पुलिस ने पांच टीमें बनाई थीं. इनमें एसओजी, सर्विलांस और गुरसहायगंज समेत दूसरे थानों की पुलिस शामिल थी. टीमों ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से जांच की.

जांच के दौरान योगेश राजपूत उर्फ पंगा का नाम सामने आया. पुलिस के मुताबिक, घटना के समय उसे इलाके के सीसीटीवी कैमरों में भी देखा गया था. इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी.

मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि योगेश कसारी के जंगल में मौजूद है. इसके बाद गुरसहायगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने उसे पकड़ने के लिए घेराबंदी की. पुलिस का दावा है कि योगेश ने टीम पर तीन राउंड फायरिंग की. जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो उसके दोनों पैरों में लगी.

स्टेशन पर संजीव को पैसे ले जाते देखता था आरोपी

पुलिस पूछताछ में योगेश ने बताया कि वह रेलवे स्टेशन के आसपास आता-जाता था. इस दौरान उसने संजीव को दिनभर टिकट बिक्री से मिले पैसे लेकर जाते हुए देखा था. संजीव के साथ उनकी पत्नी भी अक्सर रहती थीं. इसी वजह से उसे उनके घर और आने-जाने के बारे में जानकारी थी.

पुलिस के अनुसार, 4 और 5 नवंबर की रात योगेश चोरी के इरादे से पुराने पीएचसी के आवास में पहुंचा था. वह अपने साथ डंडा लेकर गया था. घर के आंगन में लगी पीली तिरपाल को किनारे से फाड़कर अंदर दाखिल हुआ. वहां संजीव जाग रहे थे. योगेश ने डंडे से उनके सिर और चेहरे पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई.

संजीव की हत्या के बाद शिखा ने शोर मचाया और फोन से किसी को कॉल करने की कोशिश की. आरोपी ने उनका फोन छीनकर बंद कर दिया. इसके बाद मारपीट की और शिखा के ही दुपट्टे से उनका गला कस दिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म करने की बात भी स्वीकार की है.

पर्स से 5 हजार रुपये और एटीएम कार्ड ले गया था

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद योगेश घर में रखा पर्स लेकर फरार हो गया था. उसमें करीब 5 हजार रुपये थे. वह संजीव का एटीएम कार्ड भी अपने साथ ले गया था. आरोपी उसी रास्ते से बाहर निकला, जिससे वह घर में दाखिल हुआ था.

एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस अब आरोपी से वारदात में इस्तेमाल किए गए डंडे, चोरी किए गए सामान और घटना के समय पहने कपड़ों की बरामदगी कराने की कोशिश कर रही है. पुलिस को उसके कपड़ों पर खून के निशान होने की जानकारी मिली है. महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक जांच कराई गई है और आरोपी के डीएनए सैंपल भी लिए जा रहे हैं.

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं नौ मुकदमे

पुलिस के अनुसार, योगेश राजपूत उर्फ पंगा के खिलाफ तालग्राम थाने में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं. दोहरे हत्याकांड में उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. पुलिस बरामदगी और फॉरेंसिक जांच के जरिए मामले से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटा रही है.

ये भी पढ़ें- कन्नौज में सरकारी आवास के अंदर मिले पति-पत्नी के शव, घायल हालत में मिली बच्ची