Fatehpur Weather 29 June 2026: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जनपद में जून माह के अंतिम सप्ताह तक भीषण गर्मी और हीट वेव का असर बना रहा. लगातार पड़ रही तेज धूप और उमस से आम जनजीवन बेहाल रहा. हालांकि मौसम विभाग के अनुसार, अब जिलेवासियों को जल्द ही राहत मिलने की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT
थरियांव स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 29 जून की देर रात से जिले में बारिश होने की संभावना है. यदि पूर्वानुमान सही साबित होता है तो तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी व उमस से लोगों को राहत मिलेगी.
इस वर्ष जून माह में सामान्य से काफी कम वर्षा दर्ज की गई है, जिसका असर जिले के जलाशयों, तालाबों, नलकूपों और अन्य जल स्रोतों पर साफ दिखाई दे रहा है. भूजल स्तर गिरने से किसानों को सिंचाई में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे खरीफ फसलों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है.
वहीं लगातार बढ़ते तापमान के कारण हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन तथा अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. 29 जून तक बारिश नहीं होने से पूरे जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर देखने को मिला.
पर्यावरणविदों का मानना है कि बदलते मौसम के पीछे वैश्विक जलवायु परिवर्तन और अल नीनो जैसी प्राकृतिक परिस्थितियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर अवैध खनन, गंगा-यमुना की जलधाराओं तथा नदियों से अत्याधुनिक मशीनों द्वारा अत्यधिक खनन, हरे-भरे पेड़ों की अंधाधुंध कटाई और कृषि योग्य भूमि पर तेजी से हो रहे निर्माण जैसे कारण भी प्रमुख रूप से जिम्मेदार हैं.
ADVERTISEMENT










