Montu Bhasin Arrested: ग्रैंड वेनिस मॉल के मालिक सतेंद्र भसीन उर्फ मोंटू भसीन को बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद उन्हें सूरजपुर स्थित सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया. वहां से अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया. बता दें यह गिरफ्तारी साल 2015 में दर्ज धोखाधड़ी के मामले में हुई है.
ADVERTISEMENT
पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और गैर-जमानती वारंट के बावजूद कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था. इसी वजह से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी और आखिरकार उसे पकड़ लिया गया. अभियोजन पक्ष ने बताया कि 2 अप्रैल 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने उनकी जमानत रद्द कर एक हफ्ते के भीतर सरेंडर करने को कहा था. साथ ही यह भी कहा गया था कि समय पर सरेंडर नहीं करने पर पुलिस उन्हें गिरफ्तार करे. इसके बावजूद उन्होंने न सरेंडर किया और न ही 8 अप्रैल को समय बढ़ाने की याचिका खारिज होने के बाद अदालत के आदेश माने.
बता दें ग्रैंड वेनिस प्रोजेक्ट से जुड़े निवेशकों ने उन पर धोखाधड़ी, फंड डायवर्जन, फंड के गलत इस्तेमाल और आवंटन में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं. वहीं बचाव पक्ष के अधिवक्ता अमित चौहान ने पुलिस रिमांड का विरोध किया. उन्होंने कहा कि मामला करीब 10 साल पुराना है. उनके अनुसार इस केस की जांच पूरी हो चुकी है. उन्होंने बताया कि साल 2019 में मुख्य चार्जशीट दाखिल हुई थी. इसके बाद 2022 और 2025 में पूरक चार्जशीट भी पेश की गई. उनका कहना था कि सभी साक्ष्य पहले से ही अदालत के सामने हैं. बचाव पक्ष ने दलील दी कि अब कोई बरामदगी बाकी नहीं है. इसलिए पुलिस रिमांड की मांग जरूरी नहीं है. उन्होंने इसे कानूनी रूप से भी गलत बताया. साथ ही साल 2019 में सुप्रीम कोर्ट से मिले अंतरिम संरक्षण का जिक्र किया. करीब 50 करोड़ रुपये जमा कराने की बात भी कही. वहीं दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
ADVERTISEMENT









