Varanasi Crime News: वाराणसी में एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है. यहां आफताब अंसारी नाम के एक युवक ने खुद को हिंदू बताकर एक दलित लड़की को अपने प्रेमजाल में फंसाकर शादी की. आरोप है कि इस दौरान आफताब ने लड़की के साथ रेप किया और फिर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया. इस मामले में जब आरोपी आफताब अंसारी उर्फ अमित कुमार को कोतवाली पुलिस द्वारा पूछताछ के लिए लाया गया तो वह पुलिस को चकमा देकर हिरासत से ही फरार हो गया. इस गंभीर लापरवाही के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पीड़िता की आपबीती?
पीड़िता कतुआपुरा की रहने वाली एक दलित युवती है. पीड़िता के मुताबिक वह वेट्रेस का काम करती है. अप्रैल 2024 में उसकी मुलाकात आफताब अंसारी से हुई जिसने खुद को अमित कुमार बताकर हिंदू होने का ढोंग रचा. इस दौरान आफताब से अमित बनें आरोपी ने लड़की को इस बात का यकीन दिलाया कि वह वेटरों को काम दिलाने का ठेका लेता है. आरोपी ने काम दिलाने का झांसा देकर युवती को कैंट स्थित होटल ले जाकर कई बार रेप किया. फिर 25 मार्च 2025 को उसने मंदिर में युवती के परिवार के सामने शादी का नाटक किया. शादी में अपने परिवार के बजाय उसने फर्जी रिश्तेदारों को पेश किया और पीड़िता के परिवार से लाखों रुपये ऐंठ लिए.
शादी के बाद शुरू हुआ असली खेल
शादी के बाद जब पीड़िता को आरोपी की असलियत का पता चला तो उसने विरोध किया. इसके बाद आरोपी और उसके पिता नवी रसूल, मां गंगाजलि और भाई मिठू अंसारी ने पीड़िता को परेशान करना शुरू कर दिया. उसे बंधक बनाकर रखा गया मारपीट की गई और मुस्लिम धर्म स्वीकार करने का दबाव डाला गया. पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इस दौरान आरोपी के भाई मिठू अंसारी ने भी उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए.
पुलिस की बड़ी लापरवाही
आरोपी आफताब अंसारी उर्फ अमित कुमार को उसके वकील कोतवाली थाने लेकर आए थे. एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह के अनुसार, जब आरोपी को यह पता चला कि उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है तो वह पुलिस को गच्चा देकर फरार हो गया. कस्टडी से आरोपी के भागने की घटना ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के पिता को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मुख्य आरोपी सहित अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में कई टीमें दबिश दे रही है. उन्होंने कहा कि थाने की इस लापरवाही की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ उच्चाधिकारी सख्त विभागीय कार्रवाई करेंगे. पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी.
ADVERTISEMENT









