युमना नदी में नहा रही थीं दो लड़कियां तभी बनाए गए उनके अश्लील वीडिया, बात फैलते ही दोनों ने ये क्या कर दिया

Chitrakoot Crime News: चित्रकूट में यमुना किनारे नहा रही दो लड़कियों का अश्लील वीडियो बनाने की घटना से आहत होकर उन्होंने जहर खा लिया. परिजनों की फटकार और मानसिक तनाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया. पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की.

Chitrakoot Crime News- सांकेतिक तस्वीर

यूपी तक

25 Apr 2026 (अपडेटेड: 25 Apr 2026, 05:39 PM)

follow google news

Chitrakoot Crime News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है. पहाड़ी थाना क्षेत्र में यमुना नदी में नहा रही दो लड़कियों का कुछ अज्ञात लोगों ने अश्लील वीडियो बना लिया. इस घटना के बाद परिजनों की डांट से परेशान होकर दोनों लड़कियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की. फिलहाल दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें इलाज के लिए बांदा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

ये घटना पहाड़ी थाना क्षेत्र की है. पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के अनुसार शुक्रवार को पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पुलिस को मेमो प्राप्त हुआ कि 16 और 17 साल की दो नाबालिगों को जहर खाने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है. प्रारंभिक उपचार के बाद दोनों को जिला अस्पताल करवी और फिर स्थिति नाजुक होने पर बांदा स्थित रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.

अस्पताल ले जाते समय लड़कियों ने पुलिस को आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि गुरुवार को वे यमुना नदी पर नहाने गई थीं. इस दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने छिपकर उनकी तस्वीरें लीं और अश्लील वीडियो बना लिए. घर पहुंचने पर जब यह बात परिजनों को पता चली तो उन्होंने लड़कियों को फटकार लगाई. समाज और परिवार के दबाव व मानसिक तनाव से टूटकर दोनों ने यह खौफनाक कदम उठाया.

पुलिस कर रही जांच 

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अरुण कुमार सिंह ने जांच के लिए तीन अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया है. पहली टीम दोनों लड़कियों के स्वास्थ्य और उपचार की पल-पल की निगरानी कर रही है. दूसरी टीम पीड़ित परिवार के साथ समन्वय बनाकर घटना की कड़ियां जोड़ रही है. वहीं तीसरी टीम उन अज्ञात आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है जिन्होंने वीडियो बनाए थे.

दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने साफ किया है कि किशोरियों की निजता का हनन करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी.