Ghaziabad loni Dabar Talab incident: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आई है. गुरुवार को गाजियाबाद के लोनी थाना अंकुर विहार स्थित डाबर तालाब में एक लापता युवक शादान का तलाश कर रहे गोताखोर सरताज की डूबकर मौत हो गई. सरताज की मौत की खबर से इलाके में हड़कंप मच गया है. एक हफ्ते के भीतर इस तालाब में हुई यह तीसरी मौत है. ऐसे में अब लोग स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं. फिलहाल इलाके में अब लोग इस तालाब के पास जाने से भी खौफ खाने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
डाबर कॉलोनी का रहने वाला युवक शादान 14 अप्रैल से लापता था. बुधवार को परिजनों को तालाब किनारे उसकी शर्ट मिली जिससे अनहोनी की आशंका हुई. पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की. गुरुवार को दिल्ली से आए गोताखोर सरताज उर्फ भूरा ने जब तालाब में डुबकी लगाई तो वह गहराई और खतरनाक दलदल व झाड़ियों के जाल में बुरी तरह फंस गया. काफी जद्दोजहद के बाद शादान का शव तो निकाल लिया गया लेकिन सरताज खुद गहरे पानी में समा गया.
लगातार हो रही ऐसी घटनाएं
यह तालाब कई एकड़ में फैला है. लेकिन साफ-सफाई के अभाव में यह पूरी तरह से दलदल और झाड़ियों में तब्दील हो चुका है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि तालाब पर हो रहे अवैध कब्जों और प्रशासन की अनदेखी के कारण यह क्षेत्र बेहद असुरक्षित हो गया है. हाल ही में तीन दिन पहले भी एक मासूम की इसी तालाब में डूबने से मौत हुई थी. बावजूद इसके यहां सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए.
विधायक ने जताई नाराजगी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर मौके पर पहुंचे और तालाब की दुर्दशा के लिए सीधे तौर पर नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है. स्थानीय पूर्व सभासदों और नागरिकों ने मांग की है कि प्रशासन जल्द से जल्द इस तालाब की तारबंदी कराए और गंदगी व दलदल को साफ करवाए. अगर जल्द कदम नहीं उठाए गए तो यह तालाब और भी कई जिंदगियां निगल सकता है. फिलहाल गोताखोर सरताज की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
ADVERTISEMENT









