Sambhal Crime News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का चौंकाने वाला खुलासा किया है. भिरावटी गांव में खेत की रखवाली कर रहे किसान नरेश की हत्या हुई थी. इस हत्या का आरोप नरेश की पत्नी शीला ने अपने चचेरे देवर पर लगाया था. लेकिन जैसे जैसे पुलिस ने इस केस को सुलझाने की कोशिश की वैसे-वैसे शक की सुइंया नरेश की पत्नी की ओर जाने लगीं. आखिरकार इस केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने ये साफ कर दिया है कि नरेश की हत्या किसी और ने नहीं उनकी पत्नी शीला ने की. लेकिन शीला ने ऐसा क्यों किया इसके पीछे की वजह जानकर आप चौंक जाएंगे. शीला का उसका समधी सतपाल के साथ अफेयर था जिसकी खबर नरेश को लग चुकी थी. इसी वजह से दोनों ने मिलकर खेत में ही नरेश की गला दबाकर हत्या कर दी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला
ये पूरा मामला संभल के धनारी थाना इलाके के भिरावटी गांव की है. बुधवार सुबह 40 साल के किसान नरेश का शव लहूलुहान हालत में खेत पर मिला था.शुरुआत में इसे एक सामान्य हत्या मानकर जांच शुरू की गई जिसमें मृतक की पत्नी शीला ने अपने चचेरे देवर पर शक जाहिर किया था. हालांकि फॉरेंसिक टीम और पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने मामले का रुख मोड़ दिया. रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि नरेश की मौत गला दबाने की वजह से हुई थी.
पत्नी शीला के थे समधी संग संबंध
एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई के निर्देशन में क्राइम ब्रांच और धनारी पुलिस ने जब गांव वालों से बातचतीत की तो नरेश की पत्नी शीला और उसके समधी सतपाल के बीच चल रहे अवैध संबंधों की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार आरोपी सतपाल की पत्नी की मौत के बाद उसके शीला से संबंध गहरे हो गए थे. जब नरेश को इस सीक्रेट रिश्ते की भनक लगी तो वह दोनों के बीच कांटा बनने लगा. इसी कांटे को निकालने के लिए शीला और सतपाल ने नरेश की जान लेने का फैसला किया.
देर रात खेत में जाकर दोनों ने की नरेश की हत्या
वारदात वाली रात नरेश जब खेत पर फसल की रखवाली कर रहा था तभी शीला और सतपाल ने वहां पहुंचकर उसका गला घोंट दिया. हत्या को किसी रंजिश का रूप देने के लिए शीला ने गांव में शोर मचाया और चचेरे देवर को फंसाने की कोशिश की. पुलिस की सख्ती के आगे शीला ज्यादा देर टिक नहीं सकी और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
SP केके बिश्नोई ने क्या बताया
एसपी संभल, केके बिश्नोई ने बताया कि 'नरेश की हत्या की गुत्थी सुलझा ली गई है.पत्नी शीला और उसके समधी सतपाल के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे.पति के विरोध करने पर दोनों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.'
ADVERTISEMENT









