Shamli News: उत्तर प्रदेश के शामली जिले में एक हिंदू युवक द्वारा धर्म परिवर्तन कर इस्लाम कबूल करने का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. इस पूरे विवाद पर अब जमीयत उलेमा-ए-हिंद के पदाधिकारी और मुस्लिम धर्मगुरु मुफ्ती साजिद कासमी का बड़ा बयान सामने आया है.
ADVERTISEMENT
मौलाना कासमी ने देश के संविधान का हवाला देते हुए हिंदू संगठनों और संत स्वामी यशवीर सिंह महाराज से जिले का शांतिपूर्ण माहौल न बिगाड़ने की अपील की है.
क्या है पूरा विवाद?
शामली के रहने वाले आयुष मलिक (जो भारत मेडिकल स्टोर चलाते हैं) ने बीते 28 मई को बकरा ईद के दिन प्रसिद्ध डॉक्टर खुर्शीद अनवर के साथ मस्जिद में नमाज अदा की थी. नमाज पढ़ते हुए आयुष का वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद हिंदू समाज और सनातन धर्मगुरुओं में भारी आक्रोश फैल गया.
इस मामले को लेकर संत स्वामी यशवीर सिंह महाराज ने नाराजगी जताते हुए दोनों समुदायों और प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है और आंदोलन की चेतावनी दी है.
क्या बोले मौलाना कासमी?
इस पूरे मामले पर जमीयत उलेमा-ए-हिंद के पदाधिकारी मुफ्ती साजिद कासमी ने कहा कि अगर युवक (आयुष) ने कानूनी प्रक्रिया और कोर्ट के माध्यम से अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर 'रहमान' नाम अपनाया है, तो इसमें कोई बुराई नहीं है. भारत का संविधान हर नागरिक को अपनी पसंद से किसी भी धर्म को मानने और अपनाने की पूरी आजादी देता है. किसी भी व्यक्ति पर उसके धर्म को लेकर दबाव बनाना उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता में दखल होगा.
इस्लाम में आने के बाद पढ़नी होगी पांच वक्त की नमाज
मुस्लिम धर्मगुरु ने आगे कहा कि इस्लाम धर्म अपनाने के बाद अब युवक को पांच वक्त की नमाज पढ़ने, कलमा, जकात और हज जैसी इस्लामी शिक्षाओं का पालन करना होगा.
उन्होंने कहा कि जिस तरह कुछ हिंदू संगठन अपनी मर्जी से लोगों की घर वापसी या धर्म परिवर्तन कराते हैं, उसी तरह हर व्यक्ति को अपनी इच्छा से कोई भी मजहब चुनने का हक है. युवक को स्वतंत्र रूप से जीने दिया जाए.
दोनों समुदायों से भाईचारा बनाए रखने की अपील
मौलाना साजिद कासमी ने हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को बनाए रखने की वकालत की. उन्होंने संत यशवीर महाराज को नसीहत देते हुए कहा कि इस मामले को लेकर जिले का माहौल खराब न किया जाए और किसी भी प्रकार का सांप्रदायिक तनाव पैदा न होने दिया जाए. उन्होंने दोनों पक्षों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की पुरजोर अपील की है.
ADVERTISEMENT










