Chitrakoot Gangrape Case: चित्रकूट में 20 साल की छात्रा के साथ हुए गैंगरेप मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. वारदात के मुख्य आरोपी और 50 हजार रुपये के इनामी जितेंद्र उर्फ भोला को पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि जवाबी कार्रवाई में बहिलपुरवा थाने के सिपाही राघवेंद्र भी घायल हो गए. जिसके बाद दोनों को पहले नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
ADVERTISEMENT
छात्रा और उसके दोस्त को बनाया था निशाना
यह मामला 22 जुलाई का है. मध्य प्रदेश के सतना जिले की रहने वाली 20 साल की छात्रा अपने 17 साल के दोस्त के साथ चित्रकूट के देवांगना एयरपोर्ट घाटी क्षेत्र में घूमने गई थी. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को वनकर्मी बताकर दोनों को डराने-धमकाने लगे. जब उन्होंने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने छात्र के साथ मारपीट कर उसके हाथ-पैर बांध दिए. इसके बाद दो आरोपी छात्रा को झाड़ियों में ले गए और उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई और जान से मारने की धमकी देकर आरोपी मौके से फरार हो गए.
ऐसे हुई आरोपियों की पहचान
घटना के बाद पीड़ित युवक ने डायल 112 पर सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह के निर्देश पर तीन विशेष टीमों का गठन किया गया. इसके अलावा बांदा, चित्रकूट और प्रयागराज की एसओजी टीमों को भी जांच में लगाया गया. शुरुआत में यह पूरी तरह ब्लाइंड केस था, लेकिन पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और स्थानीय मुखबिरों की मदद से 48 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों की पहचान कर ली. बाद में पीड़ित छात्र और छात्रा ने भी तस्वीरों के जरिए उनकी पहचान की. पहचान होने के बाद आरोपियों पर पहले 25 हजार और फिर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया.
अवैध हथियार और बाइक बरामद
पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ भोला भरतकूप थाना क्षेत्र के मड़फा जंगल में छिपा हुआ है. इसके बाद पुलिस और एसओजी की टीम ने इलाके की घेराबंदी की. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. मौके से पुलिस ने 315 बोर के दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है.
एसपी अरुण कुमार सिंह ने क्या कहा?
चित्रकूट के पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने कहा, 'गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है. मामले में शामिल अन्य दो फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.' पुलिस का कहना है कि इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों को पकड़ने के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT











