फतेहपुर में 42 साल के गंगासागर ने 18 साल की लिव-इन पार्टनर को मारकर कमरे में रखी बॉडी, 3 दिन बाद साजिश हुई नाकाम

यूपी तक

• 12:10 PM • 23 Jul 2026

Fatehpur Crime News: फतेहपुर में लिव-इन रिलेशनशिप का खौफनाक अंत. 42 वर्षीय आरोपी ने बेटे और साथियों संग 18 साल की प्रेमिका की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंका. पुलिस ने एक महीने बाद सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

Fatehpur Crime News

Fatehpur Crime News

Google CTA

उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्यार, धोखे और खौफनाक कत्ल का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे 42 साल के शख्स ने अपने बेटे और साथियों के साथ मिलकर अपनी 18 साल की प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर कातिलों ने शव को तीन दिनों तक किराए के कमरे में छिपाकर रखा. जब शव से बदबू आने लगी तो हत्या को हादसा या आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को ट्रैक्टर पर लादकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया. आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद गुमशुदगी की मनगढ़ंत कहानी भी गढ़ी. राधानगर थाना पुलिस ने करीब एक महीने बाद मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि एक आरोपी अब भी फरार है.

यह भी पढ़ें...

पत्नी की मौत के बाद 18 साल की युवती को जाल में फंसाया

पुलिस के अनुसार, मामला थरियांव थाना क्षेत्र के औरेई गांव से जुड़ा है. 42 साल के आरोपी गंगासागर की पत्नी की मौत हो चुकी थी. इसके बाद उसका संपर्क गांव की ही 18 साल की पुष्पा देवी से हुआ. आरोप है कि गंगासागर ने युवती को अपने जाल में फंसाया जिसके बाद दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली. नवंबर महीने से दोनों राधानगर थाना क्षेत्र में किराए का कमरा लेकर एक साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे थे.

बेटी से संपर्क टूटा तो पिता को हुई अनहोनी की आशंका

काफी दिनों से पुष्पा देवी का अपने परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था. अनहोनी की आशंका होने पर मृतका के पिता महावीर लोधी ने राधानगर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी पिछले एक साल से गंगासागर के साथ रह रही थी और उन्हें पूरा शक है कि गंगासागर ने उनकी बेटी की हत्या कर शव को कहीं गायब कर दिया है. पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की. राधानगर पुलिस ने जब मुख्य आरोपी गंगासागर को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या का खौफनाक सच उगल दिया.

साजिश की पूरी इनसाइड स्टोरी  

आरोपी गंगासागर ने कुबूल किया कि कत्ल करने के बाद उसने शव को तीन दिनों तक बंद कमरे में छिपाकर रखा था. जब शव सड़ने लगा और बदबू आने लगी तो उसने अपने बेटे और दो अन्य साथियों की मदद ली. आरोपियों ने शव को ट्रैक्टर पर लादा और रेलवे ट्रैक पर फेंक आए ताकि मामला ट्रेन हादसे या सुसाइड का लगे.

लावारिस समझकर पुलिस कर चुकी थी अंतिम संस्कार

बीतें 29 जून को रेलवे ट्रैक पर पुलिस को एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ था. उस समय पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने नियमानुसार लावारिस अवस्था में शव का अंतिम संस्कार करवा दिया था. जब गांव में युवती की गुमशुदगी और हत्या की चर्चाएं तेज हुईं तब पिता को संदेह हुआ कि ट्रैक पर मिला शव उनकी बेटी पुष्पा का ही था. इसके बाद पुलिस ने कड़ियों को जोड़ा और पूरी वारदात का पर्दाफाश हुआ.

तीन आरोपी गिरफ्तार

मामले का खुलासा करते हुए एसपी फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मुख्य आरोपी गंगासागर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने वारदात और शव को ठिकाने लगाने में इस्तेमाल किया गया ट्रैक्टर और एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली है. गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

वारदात में शामिल एक अन्य सह-अभियुक्त फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं जिसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है.