Three Sisters One Groom: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. सोशल मीडिया पर रील बनाने वाली तीन सगी बहनों ने एक ही युवक के साथ बाकायदा हिंदू रीति-रिवाज से शादी रचा ली. सरोज, सावित्री और संतोष नाम की तीनों बहनों के सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरने का यह वीडियो जैसे ही इंटरनेट पर अपलोड हुआ सोशल मीडिया पर तहलका मच गया. हैरान करने वाली बात यह है कि इस शादी के दौरान स्थानीय नगर पालिका अध्यक्ष भी मौके पर मौजूद नजर आए. पहले तो लोगों ने इसे महज एक रील समझा. लेकिन जब तीनों बहनों और युवक ने नया वीडियो जारी कर शादी के रियल होने की बात कही तो हिंदू संगठनों का गुस्सा भड़क उठा.
ADVERTISEMENT
इंस्टाग्राम पर हैं लाखों फॉलोअर्स
पूरा मामला अमरोहा जिले की हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के धोरिया गांव का है. यहां रहने वाले किसान रमेश की तीन बेटियां हैं जिनका नाम सरोज, सावित्री और संतोष है. इन तीनों ने कुछ समय पहले ही इंस्टाग्राम और फेसबुक पर अकाउंट बनाकर वीडियो अपलोड करना शुरू किया था. महज 27 वीडियो में ही तीनों बहनों के लाखों फॉलोअर्स हो गए. लेकिन बीते बुधवार को जब तीनों बहनों का एक ही युवक के साथ शादी करते, फेरे लेते और पैर छूकर आशीर्वाद लेते हुए वीडियो सामने आया तो लोग भौचक्के रह गए.
BJP चेयरमैन की मौजूदगी ने बढ़ाई सनसनी
वीडियो में शादी का स्थान प्रसिद्ध चामुंडा मंदिर बताया गया. वहीं वीडियो में हसनपुर नगर पालिका के बीजेपी चेयरमैन और कुछ अन्य महिलाएं भी रीलबाज बहनों व दूल्हे के साथ खड़े दिखे जिसके बाद सोशल मीडिया यूज़र्स का गुस्सा और बढ़ गया. मामला गरमाने के बाद चामुंडा मंदिर के पुजारियों ने अपने परिसर में ऐसी किसी भी शादी के आयोजन से साफ तौर पर इंकार कर दिया है.
'रील नहीं रियल है शादी'
विवाद बढ़ता देख तीनों बहनों ने उस युवक के साथ एक और वीडियो जारी कर दिया. इसमें उन्होंने शादी के असली होने का दावा किया है. वीडियो में लड़कियों ने इस रिश्ते को लेकर अपनी खुशी और भविष्य की संभावनाओं को व्यक्त किया है.
धार्मिक रीति-रिवाजों और पवित्र परंपराओं के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाते हुए स्थानीय हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है. साथ ही ऐसी हरकत का विरोध कर रहे हैं. वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग दो गुटों में बंट गए हैं. कुछ इसे पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं तो कुछ विरोध कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT











