Azamgarh Sub inspector Santosh Singh Yadav News: आजमगढ़ के बिलरियागंज थाने में तैनात दरोगा संतोष सिंह यादव से जुड़े एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा कर दिया है. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति दरोगा पर दबंगई और गुंडई करने जैसे गंभीर आरोप लगाता नजर आ रहा है. वीडियो में वह खुद को भाजपा का जिला मंत्री और ध्रुव सिंह की टीम का सदस्य बताता है. दावा किया जा रहा है कि पुलिस की गाड़ी से एक कार में धक्का लगने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग इसे अलग-अलग दावों के साथ शेयर कर रहे हैं और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं.
ADVERTISEMENT
दरोगा से क्यों भिड़ा शख्स?
वायरल वीडियो में संबंधित व्यक्ति दरोगा संतोष सिंह यादव से बहस करता दिखाई देता है. वह पुलिस वाहन से कार को धक्का लगने की बात कहते हुए सवाल करता है कि दरोगा उसकी गाड़ी में क्यों बैठ रहे हैं. वीडियो में शख्स कहता सुनाई देता है, 'आप गाड़ी पर धक्का मारेंगे. मैं भाजपा का जिला मंत्री हूं, ध्रुव सिंह की टीम में.' इसके बाद वह दरोगा पर गलती करने और गाड़ी में बैठने को लेकर सवाल करता है. बातचीत के दौरान वह यह भी कहता है, 'संतोष जी, आप गाड़ी में क्यों बैठेंगे?' दोनों पक्षों के बीच वाहन और रास्ते में खड़ी बाइक को लेकर भी बहस होती दिखाई देती है.
कार में धक्का लगने के बाद हुआ विवाद?
वीडियो में दिखाई दे रही बातचीत के मुताबिक सड़क पर वाहनों की स्थिति को लेकर विवाद बढ़ा था. संबंधित व्यक्ति का आरोप है कि पुलिस की गाड़ी ने उसकी कार को धक्का मारा और इसके बाद दरोगा का व्यवहार ठीक नहीं रहा. वह बार-बार दरोगा पर दबंगई करने का आरोप लगाता नजर आता है. वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने पुलिस पर सवाल उठाए, जबकि कुछ लोगों ने विवाद की वजह को अलग बताया. मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं. पुलिस अब उपलब्ध वीडियो, फोटो और पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
आजमगढ़ पुलिस ने क्या बताया
वायरल वीडियो पर आजमगढ़ पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए अपना पक्ष रखा है. पुलिस के मुताबिक 'प्रकरण में उपलब्ध वीडियो, फोटो एवं पुलिसकर्मियों की आख्या का अवलोकन किया गया. प्रथम दृष्टया वाहन द्वारा अपनी लेन से हटकर गलत दिशा में आने से पुलिस वाहन का मार्ग अवरुद्ध हुआ, जिससे मौके पर विवाद एवं जाम की स्थिति उत्पन्न हुई. पुलिसकर्मियों द्वारा यातायात व्यवस्था सामान्य कराई गई.' पुलिस ने यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो को 'काट-छांट कर प्रस्तुत किया गया है.' पुलिस के अनुसार मामले में तथ्यों के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई चल रही है.
यहां देखें पूरा वीडियो-
ADVERTISEMENT











