Hardoi Bus Accident: उत्तर प्रदेश के हरदोई रोडवेज बस अड्डे पर दर्दनाक हादसा हुआ है. हादसे के दौरान दो बसों के बीच फंसने से एक 32 वर्षीय महिला की मौत हो गई है. मृतक महिला बस पकड़ने के लिए खड़ी हुईं थीं, तभी अचानक दो बसें एक साथ चलने लगी, जिसके चलते महिला दोनों बसों के बीच फंस गई थीं. घटना के बाद महिला को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक करीब 10 साल पहले महिला के पति का भी ठीक इसी तरह एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हुई थी. अब इस घटना के बाद परिवार के दो छोटे बच्चे अनाथ हो गए हैं.
ADVERTISEMENT
मीटिंग के लिए जा रही थीं महिला
इस दर्दनाक हादसे का शिकार हुई महिला की पहचान 32 साल की नेहा सिंह के रूप में हुई है. वह खेतुई गांव की रहने वाली थीं और एक प्राइवेट दवा कंपनी में नौकरी करती थीं. बुधवार के दिन वह अपनी कंपनी की एक मीटिंग में शामिल होने के लिए उन्नाव के बांगरमऊ जा रही थीं. जिसके चलते वह हरदोई के रोडवेज बस अड्डे पर बस पकड़ने के लिए पहुंची थीं.
दो बसों के बीच फंस गईं नेहा
जानकारी के मुताबिक नेहा बस में चढ़ने के लिए धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं. ठीक इसी दौरान हरदोई डिपो और कन्नौज डिपो की दो रोडवेज बसें एक साथ आगे बढ़ने लगीं. अब यह आरोप लगाया जा रहा है कि दोनों बस ड्राइवरों ने जल्दबाजी में बसें मोड़ीं उन्होंने यह ध्यान नहीं दिया कि दोनों बसों के बीच से एक महिला भी गुजर रही है. इसी लापरवाही के कारण मृतक महिला नेहा दोनों बसों के अगले हिस्से के बीच में फंस गईं थी, जिससे उनकी जान चली गई है.
दस साल पहले हुई पति की मौत
नेहा सिंह की मौत के बाद उनके दो बच्चे अब अनाथ हो गए हैं. करीब दस साल पहले नेहा के पति सर्वेश सिंह की भी एक सड़क हादसे में जान चली गई थी. वह पेशे से ट्रक ड्राइवर थे और एक दुर्घटना में डीसीएम और ट्रक के बीच फंस गए थे. पति के जाने के बाद नेहा ने ही नौकरी करके अपने बच्चों और घर की जिम्मेदारी संभाली थी. अब इस हादसे के बाद नेहा के दोनों बच्चे अनाथ हो गए हैं.
हादसे के बाद दो बच्चे अनाथ हुए
नेहा के परिवार में अब 15 साल की एक बेटी और 11 साल का एक बेटा है. इन दोनों बच्चों ने करीब 10 साल पहले अपने पिता को खो दिया था, और अब उनकी मां का साया भी उनके सिर से उठ गया है. नेहा के देवर देवेश सिंह ने आरोप लगाया है कि अगर बस ड्राइवर सावधानी से गाड़ी चलाते, तो यह हादसा कभी नहीं होता. बिना आसपास देखे बसें आगे बढ़ाने की वजह से ही नेहा की जान गई है.
पुलिस कर रही है मामले की जांच
हादसे के बाद बस अड्डे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहां मौजूद लोगों ने तुरंत नेहा को बाहर निकाला और अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है. हरदोई के सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि महिला गंभीर हालत में मिली थी. पुलिस ने उनके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में 42 साल के गंगासागर ने 18 साल की लिव-इन पार्टनर को मारकर कमरे में रखी बॉडी, 3 दिन बाद साजिश हुई नाकाम
ADVERTISEMENT











