Satyam Pandit Student Assault News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होने जा रहे दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में गाजियाबाद निवासी 'राष्ट्रीय हिन्दू वीर सेना' का नेता सत्यम पंडित दोनों छात्रों को थप्पड़ मारते और उनसे बहस करते दिखाई दे रहा हैं. इस बीच पीड़ित छात्र आयुष ने यूपी Tak से बातचीत में उस दिन की पूरी घटना बताई है. आयुष का कहना है कि वह अपने दोस्त के साथ केवल प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली जा रहा था, लेकिन रास्ते में उन्हें रोककर धमकाया गया और उसके दोस्त के साथ मारपीट की गई.
ADVERTISEMENT
आयुष ने बातचीत में क्या कहा?
यूपी Tak से बातचीत में छात्र आयुष ने कहा 'हम शाम करीब 5 बजे दिल्ली में चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए निकले थे. हम सिर्फ प्रोटेस्ट में शामिल होने के मकसद से ही दिल्ली आए थे, किसी और वजह से नहीं." उन्होंने बताया कि रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया. आपने वीडियो में भी देखा होगा कि हमारे साथ क्या हुआ. उन्होंने पहले हमें धमकाया और पूछा कि हम ऐसा क्यों कर रहे हैं. इसके बाद उन्होंने मेरे दोस्त का गला पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी.'
आयुष ने बताया कि जब उनके दोस्त के साथ मारपीट शुरू हुई तो वह मदद लेने के लिए वहां से थोड़ा आगे चले गए. उन्होंने कहा, 'मैं उस समय मदद लेने के लिए वहां से थोड़ा आगे चला गया, क्योंकि अकेले उनके सामने कुछ कर पाना संभव नहीं था. उन लोगों ने मेरे दोस्त को गालियां दीं, मुझे भी गालियां दीं और मेरे दोस्त के साथ मारपीट की.' छात्र ने यह भी कहा, 'उस वक्त मैं काफी डर गया था, क्योंकि सामने करीब छह लोग थे. उनके पास हथियार थे या नहीं, यह मैं पक्के तौर पर नहीं बता सकता.'
घटना के बाद दोस्त से अगले दिन हुई मुलाकात
आयुष ने बातचीत में आगे बताया, 'हम शाम करीब 5 बजे निकले थे. दिल्ली यहां से करीब 250 किलोमीटर दूर है. घटना के बाद अगले दिन मेरा दोस्त मुझे मिल गया था.' छात्र के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. इससे पहले भी इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी.
फेसबुक पोस्ट के बाद बढ़ा विवाद
इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित दो छात्रों के साथ बहस करते और उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई दिए थे. दावा किया गया था कि घटना का वीडियो खुद आरोपी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था. जानकारी के अनुसार, वीडियो पोस्ट करते समय उसने लिखा था, 'जंतर-मंतर जाकर कुछ कॉकरोच का इलाज करा, जो कहते हैं करके दिखाते हैं.' वीडियो और इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसकी कड़ी आलोचना की और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो गई. मामला सामने आने के बाद यह घटना लगातार चर्चा का विषय बनी हुई है.
ADVERTISEMENT











