Exclusive: 'जंतर-मंतर जाकर सबका इलाज करता', प्रोटेस्ट में जा रहे स्टूडेंट्स को थप्पड़ मारने वाले सत्यम पंडित की नहीं रुक रही 'दादागिरी'!

अरविंद ओझा

• 09:17 AM • 27 Jul 2026

जंतर-मंतर पर छात्रों से कथित मारपीट के वायरल वीडियो के बाद अब गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित ने हमसे खास बातचीत में अपना पक्ष रखा है. उसने घटना को लेकर कई दावे किए और अपने खिलाफ उठ रही कार्रवाई की मांग पर भी प्रतिक्रिया दी.

Satyam Pandit Statement

Satyam Pandit Statement

Google CTA

Satyam Pandit Statement: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन में शामिल होने जा रहे दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में गाजियाबाद निवासी सत्यम पंडित दो छात्रों से बहस करते और उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई दे रहा था. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी. अब इस पूरे विवाद पर सत्यम पंडित ने यूपी Tak से खास बातचीत में अपना पक्ष रखा है. सत्यम पंडित ने घटना को लेकर कई दावे किए और अपने खिलाफ हो रही कार्रवाई की मांगों पर भी प्रतिक्रिया दी है.

यह भी पढ़ें...

सत्यम पंडित ने क्या कहा?

सत्यम पंडित ने बताया कि, 'मेरा अपना संगठन है राष्ट्रीय हिन्दू वीर सेना. 24 जुलाई को मैं जंतर-मंतर की तरफ गया था.' उसने दावा किया कि कनॉट प्लेस इलाके में हनुमान मंदिर के पास उनकी नजर कुछ युवकों पर पड़ी. सत्यम पंडित ने कहा, 'मैंने इन लड़कों को देखा. भगवान राम के खिलाफ नारे लगा रहे थे. मुझसे गलती हुई कि मैंने वीडियो नहीं बनाया.' इसके बाद उसने बताया कि उसने अपनी गाड़ी रोककर उन युवकों से बातचीत की.

प्रदर्शन को लेकर लगाए कई आरोप

सत्यम पंडित ने बातचीत के दौरान छात्र प्रदर्शन को लेकर भी कई आरोप लगाए. उसने कहा, 'प्रोटेस्ट में माता सीता के खिलाफ बात की जा रही थी. प्रोटेस्ट में देश विरोधी बातें की जा रही थीं. ये युवाओं का प्रोटेस्ट नहीं था. वहां ब्राह्मण से आजादी मांगी जा रही थी.' हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. वायरल वीडियो में छात्रों के साथ हुई मारपीट को लेकर पहले से ही सोशल मीडिया पर बहस जारी है.

शिकायतों पर सत्यम पंडित ने क्या कहा?

अपने खिलाफ दर्ज हो रही शिकायतों और कार्रवाई की मांग पर सत्यम पंडित ने कहा, 'मेरे खिलाफ अखिलेश यादव समेत सभी विपक्ष के नेताओं ने पोस्ट किया, मेरा वीडियो डालकर. मुझे कोई डर नहीं. एफआईआर करनी है तो कर दो. गिरफ्तारी का डर नहीं, जेल जाने का डर नहीं.' उसने यह भी बताया कि वो फिर से जंतर-मंतर जाने का ऐलान किया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां जाने से रोक दिया. सत्यम पंडित के मुताबिक 'मैंने जंतर-मंतर जाने का ऐलान किया था. वहां जाकर सबका इलाज करता, लेकिन पुलिस ने रोक दिया.'

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

इससे पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में सत्यम पंडित दो छात्रों के साथ बहस करते और उन्हें थप्पड़ मारते दिखाई दिए थे. दावा किया गया था कि घटना का वीडियो उसने खुद अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया था. जंतर-मंतर पर जा रहे छात्रों से मारपीट का मामला सामने आने के बाद इसे लेकर लगातार नई प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. एक ओर पीड़ित छात्र आयुष अपनी आपबीती साझा कर चुके हैं, वहीं अब सत्यम पंडित ने भी सार्वजनिक रूप से अपना पक्ष रखा है. मामले को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठ रही है. फिलहाल, इस पूरे विवाद को लेकर संबंधित पक्षों के बयान सामने आ चुके हैं और मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.