IPS गाजियाबाद के गनौली गांव से 5 दिन पहले गोली मारकर अगवा किए गए ओमकार का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. धरने पर बैठे ग्रामीणों और कुछ राजनीतिक दलों के नेताओं की गाजियाबाद पुलिस से हॉट टॉक हो गई. डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी जब ग्रामीणों को समझाने पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों से उनकी गर्मागर्मी हो गई. हालांकि मौके पर मौजूद अन्य जिम्मेदार लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
बीते 5 दिन पहले गनौली गांव के के रहने वाले ओमकार पर बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. परिजनों के मुताबिक, हमलावरों ने ओमकार पर करीब 8 से 10 गोलियां चलाईं और फिर लहूलुहान हालत में उसे कार में डालकर अगवा कर ले गए. घटना के बाद से ही ओमकार का कुछ पता नहीं चल सका है जिससे परिवार और ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है. ऐसे में ग्रामीणों को सांत्वना देने और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी देने पहुंचे डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं. इस मामले में पुलिस अब तक आरोपियों से जुड़े दर्जन भर से ज्यादा संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर चुकी है.
घर वालों ने लगाए ये आरोप
ओमकार के परिवार का आरोप है कि घटना के 5 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और वे सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं. पुलिस अब तक सभी मुख्य आरोपियों को पकड़ने में नाकाम रही है. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई तीखी बहस के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक ओमकार की बरामदगी और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तब तक उनका धरना-प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा.
कौन हैं IPS सुरेंद्र नाथ तिवारी
सुरेंद्र नाथ तिवारी 2016 बैच के उत्तर प्रदेश कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं. वर्तमान में वे गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी ग्रामीण के पद पर तैनात हैं. सुरेंद्र नाथ तिवारी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के रहने वाले हैं. उन्होंने राजनीति शास्त्र में एम.ए. और एलएलबी की पढ़ाई की है. उन्होंने 1994 में प्रांतीय पुलिस सेवा अधिकारी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की. बाद में 2023 में उन्हें आईपीएस कैडर में पदोन्नत किया गया. गाजियाबाद से पहले वह बुलंदशहर में एसपी सिटी के रूप में तैनात थे और अपने तेज-तर्रार फैसलों के लिए काफी चर्चित रहे हैं.
ADVERTISEMENT










