Surya Chauhan Murder Case Update: गाजियाबाद के खोड़ा में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार से किए वादे का पूरा कर दिया है. मंगलवार को गाजियाबाद के डीएम रविंद्र कुमार ने पीड़िता परिवार के घर जाकर आर्थिक मदद के बाद अब परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा है. इसके साथ ही प्रशासन ने एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी के घर को गिराने की तैयारी भी शुरू कर दी है. इस दौरान जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सूर्या चौहान के परिजनों को आश्वस्त किया है कि इस दुख की घड़ी में सरकार और प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी.
ADVERTISEMENT
मृतक के परिजन बने सफाई सुपरवाइजर
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े निर्देशों के बाद पीड़ित परिवार को लगातार सहायता पहुंचाई जा रही है. मंगलवार को पहुंचे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पीड़ित परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका परिषद खोड़ा में सफाई सुपरवाइजर के पद पर नियुक्ति का आधिकारिक पत्र सौंपा. इससे ठीक एक दिन पहले यानी 1 जून को ही प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया गया था. नौकरी का आश्वासन भी 24 घंटे के भीतर पूरा होने पर पीड़ित परिवार ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया है.
आरोपियों का हुआ ये हाल
गौरतलब है कि खोड़ा इलाके में हुए सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद स्थानीय निवासियों और विभिन्न हिंदू संगठनों में गहरा आक्रोश फैल गया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने तुरंत एक्शन लिया. हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में ढेर किया जा चुका है जबकि वारदात में शामिल उसके तीन अन्य साथियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.
असद के मकान पर चस्पा हुआ ध्वस्तीकरण का नोटिस
अपराधियों पर कानूनी शिकंजा कसने के साथ-साथ अब उनके अवैध निर्माणों पर भी बुलडोजर की कार्रवाई की तैयारी है. प्रशासन ने एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी असद के मकान पर अवैध निर्माण के ध्वस्तीकरण का नोटिस चस्पा कर दिया है. नोटिस में 15 दिनों के भीतर अवैध निर्माण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए हैं. निर्धारित समयावधि में कार्रवाई न होने पर प्रशासन की ओर से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









