Firozabad Aarav Mother: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बीते दिनों एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई, जिसे सुनकर किसी भी संवेदनशील इंसान की रूह कांप गया. बामई गांव में एक कसाई दिल रखने वाले शख्स ने डेढ़ साल के मासूम बच्चे को महज 30 सेकंड के भीतर 8 बार जमीन पर पटक-पटक कर बेरहमी से मार डाला. इस कलेजा चीर देने वाले हादसे के बाद पीड़ित परिवार के घर में कोहराम मचा हुआ है. यूपी Tak की टीम ने जब मौके पर पहुंचकर उस अभागे और अबोध बच्चे की बिलखती मां से खास बातचीत की तो मां की वेदना, आक्रोश और बेबसी का ऐसा सैलाब उमड़ा कि वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भीग गईं.
ADVERTISEMENT
बामई गांव में शनिवार को इंसानियत को शर्मसार करने वाली इस घटना को अंजाम दिया गया. 1.5 साल का मासूम आरव, जिसने अभी ठीक से दुनिया देखी भी नहीं थी और जो बोल भी नहीं पाता था, उसे उसके ही एक परिचित जितेंद्र पाठक उर्फ जितेंद्र पांडे ने टॉफी दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर गोद में लिया. मां ने मना भी किया, लेकिन वह जबरन बच्चे को ले गया और गेट पर लेटाकर महज 30 सेकंड के भीतर 8 बार जमीन पर पटककर उसकी निर्मम हत्या कर दी. घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जितेंद्र को एक मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया. उसके दोनों पैरों में गोली लगी थी.
'मेरे लाल की मौत की कीमत लगा रहे हैं, मुझे 20-21 लाख नहीं, उसकी लाश चाहिए'
यूपी Tak से बातचीत के दौरान मृतका की मां ने फूट-फूटकर रोते हुए अपना दर्द बयां किया. मां ने बताया कि अब आरोपी पक्ष की तरफ से उन्हें इस दर्दनाक मौत का सौदा करने और मामले को दबाने के लिए पैसों का लालच दिया जा रहा है. मां ने आक्रोशित होकर कहा, "वह बोल रहा है कि हमसे 20-21 लाख ले लो और हमें छोड़ दो. हमें उसकी भीख नहीं चाहिए. वे मेरे बच्चे की मौत की कीमत लगा रहे हैं. उससे बोलो कि अपनी मां और भाई को मेरे सामने लाए, हम सबको मारेंगे. वह जितनी कीमत बताएगा, हम बराबर देंगे."
बिलखती मां ने रोते हुए न्याय की गुहार लगाई और कहा, "मुझे बस मुख्यमंत्री योगी जी से मिलवाओ. योगी जी सबको न्याय देते हैं, हमें भी न्याय दें. मुझे खून के बदले खून चाहिए. जैसे मेरे लाल की लाश मेरे सामने रखी थी, वैसे ही उस हत्यारे की लाश मेरे सामने लेटाओ और फिर उसकी मां को बुलाकर पूछो कि क्या तुझे अच्छा लग रहा है?"
आरोपी ने मां पर मढ़ा दोष
एनकाउंटर के बाद जब पुलिस आरोपी जितेंद्र को ले जा रही थी, तो उसने खुद को बचाने के लिए मृतका पर ही आरोप जड़ दिया कि लड़के की मां जानती है कि उसने हत्या क्यों की. इस पर सफाई देते हुए पीड़ित मां ने कहा, "दुनिया में कोई भी मां क्या अपने हाथों अपने बच्चे को इस तरह मरवा देगी? वह झूठ बोलकर बच्चे को ले गया था."
इसके साथ ही, मां ने इस पूरी साजिश के पीछे अपने पति सुमित पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं जो वर्तमान में बदायूं में रहता है. मां ने रोते हुए सनसनीखेज खुलासा किया कि, "मेरे पति ने ही यह सब करवाया है. उसने मुझसे बोला था कि तुम मुझे बच्चा नहीं दोगी तो मैं इसे मरवा दूंगा." मां ने भरे गले से बताया कि जब बच्चा पैदा हुआ था, तब भी उसका पति चेहरा देखने नहीं आया था, तो अब बच्चे की मौत के बाद वह क्या देखने आएगा.
'1 महीने या 20 दिन का समय नहीं चाहिए, आज की आज फांसी दो'
प्रशासन और पुलिस से पूरा सहयोग मिलने की बात स्वीकार करते हुए भी मां ने न्याय व्यवस्था की सुस्त प्रक्रिया को लेकर अपनी चिंता जताई. उन्होंने कहा, "हमें कोर्ट-कचहरी के 1 महीना 14 दिन या 20 दिन नहीं चाहिए. कातिल ने यह नहीं देखा था कि 1.5 साल का बच्चा है, तो हमें भी कोई वक्त नहीं देना है. हमें आज की आज ही इंसाफ चाहिए और हत्यारे को सीधे फांसी होनी चाहिए." इस समय पूरे गांव और पीड़ित परिवार में भारी गम और आक्रोश का माहौल है. मां केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी गुहार लगाने की जिद पर अड़ी हुई है.
ADVERTISEMENT









