3 महीने पहले नाबालिग से जबरन संबंध बना गर्भवती करके भाग गया था सिराज, अब पुलिस को तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस समेत ये सब मिला

यूपी तक

01 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Ghaziabad Rape Case: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है.

Ghaziabad Siraj police Encounter

Ghaziabad Siraj police Encounter

Google CTA

Ghaziabad Siraj police Encounter: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी पर आरोप है कि उसने पड़ोस में रहने वाली एक नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके बाद पीड़िता गर्भवती हो गई. पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने और फायरिंग करने की कोशिश की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई.

यह भी पढ़ें...

नाबालिग के गर्भवती होने के बाद दर्ज हुआ मामला

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 30 मई 2026 को पीड़िता के परिजनों ने लोनी बॉर्डर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि पड़ोस में रहने वाले सिराज पुत्र हमीद शाह ने करीब तीन महीने पहले उनकी नाबालिग बेटी के साथ जबरन संबंध बनाए थे. इस घटना के बाद लड़की गर्भवती हो गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. सोमवार को लोनी बॉर्डर थाना पुलिस सेवाधाम से टीला मोड़ रोड पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया गया. पुलिस का कहना है कि युवक ने रुकने के बजाय भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और जीडीए ग्राउंड के पास घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया.

जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार घिरने के बाद भी आरोपी ने दोबारा फायरिंग की. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी. घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया. पकड़े गए आरोपी की पहचान सिराज पुत्र हमीद शाह के रूप में हुई है.

पूछताछ में किया अहम खुलासा

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग पीड़िता के साथ जबरन संबंध बनाने की बात स्वीकार की है. उसके कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्कूटी बरामद की गई है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. फिलहाल मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है.