मुझे अचानक खींचा और ब्लेड से… मुजफ्फरनगर में बहू ने प्राइवेट पार्ट पर किया हमला तो अस्पताल के बेड पर बैठे ससुर ने सुनाई ये कहानी

संदीप सैनी

• 07:21 PM • 18 Jul 2026

Muzaffarnagar Crime News: मुजफ्फरनगर में बहू द्वारा ससुर पर ब्लेड से हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बहू ने ससुर पर महीनों से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है. जबकि ससुर ने इसे संपत्ति हड़पने की साजिश बताया. पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी.

Muzaffarnagar Crime News

Muzaffarnagar Crime News

Google CTA

Muzaffarnagar Crime News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले का एक मामला सुर्खियों में बना हुआ है. सफीपुर पट्टी इलाके में एक 23 साल की बहू सैयदा ने अपने 67 साल के बुजुर्ग ससुर जाकिर के प्राइवेट पार्ट पर धारदार ब्लेड से हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया. चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंची पीआरबी और स्थानीय पुलिस ने घायल ससुर को खून से लथपथ हालत में बुढ़ाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. यहां उनके गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी बहू को मौके से हिरासत में ले लिया है. इस घटना में जहां बहू ने ससुर पर कई महीनों से छेड़खानी करने का आरोप लगाया है. वहीं अस्पताल में भर्ती ससुर ने बहू के दावों को झूठा बताते हुए इसे घर पर अकेले कब्जा करने की गहरी साजिश करार दिया है.

यह भी पढ़ें...

ससुर महीनों से कर रहा था गलत हरकतें-बहू

आरोपी महिला सैयदा के दो मासूम बच्चे हैं और उसका पति शहजाद हरियाणा में किराए पर रिक्शा चलाता है. पति के बाहर रहने के कारण घर में सैयदा, उसके दो बच्चे और ससुर जाकिर रहते थे.

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका ससुर पिछले कई महीनों से उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश और छेड़खानी कर रहा था. शुक्रवार को जब ससुर ने फिर गलत हरकत करने की कोशिश की तो उसने खुद के बचाव में घर में रखे ब्लेड से ससुर के प्राइवेट पार्ट पर वार कर दिया.

पड़ोस में रहने वाली महिला नाजरा ने बताया कि सैयदा इस प्रताड़ना से तंग आ चुकी थी. उसने मोहल्ले के कई लोगों को पहले ही बताया था कि उसके साथ ससुर ज्यादती कर रहा है. लेकिन किसी ने उसकी बात को गंभीरता से नहीं सुना था.

ससुर ने रखा अपना पक्ष

वहीं दूसरी ओर अस्पताल के बेड पर तड़प रहे ससुर जाकिर ने बहू के इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे एक बड़ी साजिश बताया. ससुर ने कैमरे पर अपना पक्ष रखते हुए कहा 'मैं कल ही हरियाणा से आया था. घर आने के बाद जब मैं पेशाब करने के लिए गया तो बहू ने अंदर से दरवाजे की कुंडी लगा दी. मैं भूखा-प्यासा था, उसने अचानक मुझे खींच लिया और मुझ पर ब्लेड से हमला कर दिया.'

रेप और छेड़खानी के आरोपों पर ससुर ने कहा कि 'मैंने तो इन दोनों (बेटे-बहू) को पहले ही अपनी संपत्ति से बेदखल कर रखा है. यह सब झूठ है, वह पहले भी मुझे बदनाम कर चुकी है. वह चाहती है कि इस परिवार के सब लोग मर जाएं या चले जाएं और वह इस पूरे घर में अकेली मालकिन बनकर रहे.'

बुजुर्ग ससुर ने रोते हुए कहा कि बहू अक्सर कहती थी कि वह सबको काटेगी और खुद इस घर में रहेगी. उसकी हरकतों की वजह से उसकी पत्नी की भी सदमे से मौत हो चुकी है और उसका पूरा परिवार बर्बाद हो गया है.

तहरीर मिलने पर दर्ज होगा मुकदमा

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे बुढ़ाना के सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि पीआरबी के माध्यम से ससुर पर बहू द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने की जानकारी मिली थी. पुलिस ने बिना वक्त गंवाए घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया और आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला ने पूछताछ में ससुर पर पिछले कई महीनों से छेड़खानी करने का आरोप लगाया है और वारदात में नाखून काटने वाले ब्लेड का इस्तेमाल किया गया है. 

फिलहाल ससुर या उसके परिवार की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिला है. पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होते ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.