ऑर्केस्ट्रा में डांस करने वाली पत्नी शिवानी के कैरेक्टर पर शक करता था पति, चार्जर केबल से कर डाली हत्या

महेश जायसवाल

• 12:45 PM • 17 Jul 2026

भदोही में पत्नी की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ. पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर बताया कि चरित्र पर शक के चलते उसने चार्जर केबल से गला घोंटकर हत्या की. आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की थी.

UP Crime News:सांकतिक तस्वीर

UP Crime News:सांकतिक तस्वीर

Google CTA

Crime News: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक हैराान कर देने वाला सामने आया है. सुरियावां थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में हुई शिवानी नाम की महिला की संदिग्ध मौत का खुलासा किया है. शिवानी का हत्यारा कोई और नहीं उसका अपना पति रत्नेश निकला. पुलिस ने हत्यारे पति रत्नेश को गिरफ्तार कर लिया है. आरोप क अनुसार रत्नेश को शिवानी के कैरेक्टर पर शक था. इसी चक्कर में उसने मोबाइल के चार्जर केबल से उसकी हत्या कर दी. 

यह भी पढ़ें...

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सबूत मिटाने के इरादे से मृतका का मोबाइल तोड़कर फरार हो गया था. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई चार्जर की सफेद केबल और मृतका का टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया है.

किराए के कमरे में मिला था शव

यह पूरी वारदात सुरियावां थाना क्षेत्र के संजय नगर बाजार की है. यहां एक किराए के मकान में रहने वाली शिवानी उर्फ आरती की 13 जुलाई की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. घटना के बाद मृतका के परिजनों ने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए थे. परिजनों का कहना था कि शादी के 5 साल बाद से ही शिवानी को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. साथ ही उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही थीं. परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश में जुटी थी.

आर्केस्ट्रा में डांस करती थी पत्नी

पुलिस की कड़ाई से हुई पूछताछ में गिरफ्तार पति रत्नेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो वजह बताई उसने सबको चौंका दिया. आरोपी ने बताया 'मेरी पत्नी ऑर्केस्ट्रा में डांस करती थी. मुझे शक था कि उसके अन्य पुरुषों के साथ अवैध संबंध हैं. इसी बात को लेकर हमारे बीच आए दिन झगड़ा और घरेलू विवाद होता था. 13 जुलाई की सुबह भी इसी बात पर विवाद हुआ और मैंने गुस्से में आकर कमरे में रखे मोबाइल चार्जर की सफेद केबल से उसे मार डाला.'

प्लानिंग के साथ की पत्नी की हत्या

वारदात को अंजाम देने के बाद शातिर पति रत्नेश ने कानून की आंखों में धूल झोंकने की पूरी प्लानिंग की थी. हत्या करने के बाद उसने सबसे पहले अपनी पत्नी का मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर डाला ताकि उसकी लोकेशन ट्रेस न हो सके. इसके बाद वह एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर मौके से फरार हो गया. पुलिस को भ्रमित करने और डिजिटल साक्ष्य नष्ट करने के लिए उसने रास्ते में हाईवे पर मृतका का मोबाइल पटककर बुरी तरह तोड़ दिया. लेकिन पुलिस की सर्विलांस और जमीनी तफ्तीश के आगे आरोपी की चालाकी धरी की धरी रह गई और पुलिस ने उसे दबोच लिया.

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने किराए के कमरे से हत्या में इस्तेमाल की गई चार्जर की सफेद केबल बरामद कर ली है. इसके साथ ही हाईवे से मृतका का टूटा हुआ रियलमी मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है जिसे आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से फेंका था.

पुलिस ने क्या कुछ बताया

भदोही एडिशनल एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि '13 जुलाई को सुरियावां क्षेत्र में एक महिला की हत्या की सूचना प्राप्त हुई थी. सुरियावां पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रत्नेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में आरोपी ने चरित्र पर शक के चलते चार्जर की केबल से गला घोंटकर हत्या करने की बात स्वीकार की है.आरोपी की निशानदेही पर चार्जर केबल और मृतका का क्षतिग्रस्त मोबाइल बरामद कर लिया गया है. आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा जा रहा है.'