मुस्लिम काजल मंसूरी ने 7 साल के अफेयर के बाद बॉयफ्रेंड ओम से की शादी, अब दोनों के सामने आ गई ये बड़ी दिक्कत!

अलीम सिद्दीकी

18 Jul 2026 (अपडेटेड: 18 Jul 2026, 01:48 PM)

जालौन में 21 साल की मुस्लिम युवती काजल मंसूरी ने हिंदू प्रेमी ओम से शादी कर ली. शादी के बाद वायरल वीडियो में उसने परिवार से खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगी और कहा कि उसने अपनी मर्जी से विवाह किया है.

Jalaun Love Marriage Case

Jalaun Love Marriage Case (Photo Enhanced by AI)

Google CTA

Jalaun Love Marriage Case: उत्तर प्रदेश के जालौन में लव मैरिज का एक मामला सामने आया है, जहां कालपी कोतवाली क्षेत्र की 21 साल मुस्लिम युवती काजल मंसूरी ने अपने हिंदू प्रेमी ओम से शादी कर ली. अब शादी के बाद दोनों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवती ने अपने परिवार से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है. काजल का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से घर छोड़ा और बिना किसी दबाव के हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया है.

यह भी पढ़ें...

7 साल के रिश्ते के बाद प्रेमी से की शादी

जालौन के कालपी इलाके की रहने वाली काजल मंसूरी ने बताया कि वह और ओम पिछले करीब 7 साल से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच प्रेम संबंध थे. युवती के मुताबिक, उसने 7 जुलाई की रात अपनी इच्छा से घर छोड़ा और इसके बाद ओम के साथ शादी कर ली. काजल ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में खुद को बालिग बताते हुए कहा कि उसने यह फैसला अपनी मर्जी से लिया है. उसका आरोप है कि परिवार वाले उसके रिश्ते के खिलाफ थे और उसकी इच्छा के बिना कहीं और शादी कराने का दबाव बना रहे थे.

युवती ने वीडियो जारी कर मांगी पुलिस सुरक्षा

शादी के बाद काजल और ओम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में युवती ने अपने परिवार वालों से खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की अपील की है. काजल ने वीडियो में कहा, 'अगर भविष्य में मेरे या मेरे पति के साथ कोई घटना होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर मेरा परिवार जिम्मेदार होगा.'


युवती ने आरोप लगाया कि उसके परिवार वाले उसके लव मैरिज से नाराज हैं और उसके पति ओम के खिलाफ अपहरण का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की कोशिश कर सकते हैं.

परिवार पर लगाए ये आरोप

काजल का कहना है कि जब उसने अपने प्रेम संबंध के बारे में परिवार को जानकारी दी थी तो उन्होंने इसका विरोध किया. युवती ने आरोप लगाया कि परिवार उसकी इच्छा के खिलाफ उसकी शादी किसी और जगह तय करने का दबाव बना रहा था. उसने कहा कि वह बालिग है और उसने अपनी पसंद से शादी की है. काजल ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह सुरक्षित है और किसी के दबाव में आकर उसने यह कदम नहीं उठाया है.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है. कालपी कोतवाली पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है. कालपी के सीओ राजेश कमल ने बताया कि पूरे मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवक-युवती से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है.

अदालत में दर्ज होंगे युवती के बयान

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही युवती को सामने लाकर उसके बयान अदालत के सामने दर्ज कराए जाएंगे. इसके बाद युवती के बयानों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल यह मामला जालौन के कालपी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है.