उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक खौफनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक सिरफिरे पति की दरिंदगी से तंग आकर आखिरकार पीड़िता को न्याय की गुहार लगाने पुलिस कप्तान (SP) के पास पहुंचना पड़ा. पीड़िता का आरोप है कि उसका पति उसे जबरन नशीली गोलियां खिलाकर उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाता था और विरोध करने पर बेरहमी से पीटता था.
ADVERTISEMENT
आरोप है कि कार और मेडिकल स्टोर के लिए दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने पहले उसे प्रताड़ित किया और फिर तीन तलाक देकर घर से खदेड़ दिया. एसपी के कड़े रुख के बाद महिला थाना पुलिस ने आरोपी पति समेत 5 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.
शादी के बाद ही शुरू हुआ जुल्म का सिलसिला
शहर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी. परिजनों ने अपनी हैसियत से बढ़कर दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था. लेकिन शादी के कुछ ही दिनों बाद ससुराल वालों का असली चेहरा सामने आ गया. आरोप है कि कम दहेज का ताना देकर पीड़िता को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. ससुराल वाले एक कार और मेडिकल स्टोर खोलने के लिए मोटी रकम की अतिरिक्त मांग पर अड़ गए.
नशीली गोलियां खिलाकर अप्राकृतिक संबंध का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने दहेज की मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो पति का अत्याचार सीमाएं लांघ गया. पति उसे नशीली गोलियां खिला देता था और फिर उसके साथ अप्राकृतिक तरीके से संबंध बनाता था. जब भी पीड़िता ने इस हैवानियत का विरोध करने की कोशिश की तो उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई.
पंचायतें भी रहीं नाकाम और दे दिया तीन तलाक
इस जुल्म के खिलाफ परिजनों और रिश्तेदारों के बीच कई बार पंचायतें भी बुलाई गईं ताकि मामला सुलझ सके. लेकिन ससुराल वालों की नीयत में कोई बदलाव नहीं आया. हद तो तब हो गई जब पति ने सभी के सामने तीन बार तलाक बोलकर पीड़िता को जबरन घर से निकाल दिया.
SP के आदेश पर महिला थाने में FIR दर्ज
ससुराल वालों के इस अत्याचार से परेशान होकर पीड़िता ने बांदा एसपी की चौखट पर दस्तक दी और पूरी आपबीती सुनाई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने तत्काल महिला थाना प्रभारी को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए.
महिला थाना प्रभारी (SO) मोनी निषाद ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी पति समेत 5 लोगों के खिलाफ सुसंगत और गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ADVERTISEMENT











