शाहजहांपुर में 2 साधुओं की मौत पर SP सौरभ दीक्षित का बयान, मंदिर के बाहर मिले जले हुए शव

यूपी तक

• 01:07 PM • 01 Oct 2026

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में देवस्थान के बाहर दो साधुओं के जले हुए शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक, शुरुआती जांच में देवस्थान में रहने को लेकर साधुओं और आरोपी सुमित के बीच विवाद की बात सामने आई है.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में मंदिर के बाहर दो साधुओं के जले हुए शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है. खुदागंज थाना क्षेत्र के सूथा गांव में 1 अक्टूबर की सुबह करीब 7 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी. मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की. अब शाहजहांपुर के एसपी सौरभ दीक्षित ने शुरुआती जांच के आधार पर घटना की वजह को लेकर जानकारी दी है.

यह भी पढ़ें...

एसपी के मुताबिक, गांव के बाहर बने देवस्थान पर दो साधु रहते थे. गांव के ही शिव कुमार इस देवस्थान के संरक्षक हैं. शिव कुमार ने पुलिस को दी गई लिखित तहरीर में गांव के ही सुमित का नाम लिया है. पुलिस के अनुसार, सुमित कुछ दिन पहले ही न्यायालय से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आया था.

साधुओं से क्या कहता था सुमित?

एसपी ने बताया कि सुमित पिछले कुछ दिनों से दोनों साधुओं के साथ देवस्थान पर उठता-बैठता था. प्रारंभिक पूछताछ में ग्रामीणों ने भी पुलिस को बताया कि सुमित ने दोनों साधुओं से एक बार कहा था कि वे वहां से हट जाएं, क्योंकि अब वह वहां रहने वाला है और उसका ही अधिकार होगा.

पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया इसी विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है. एसपी ने बताया कि पुलिस को आशंका है कि इसी बात को लेकर बुधवार देर रात दोनों साधुओं के साथ कोई विवाद हुआ होगा, जिसके बाद वारदात को अंजाम दिया गया.

जले हुए मिले दोनों साधुओं के शव

सुबह सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. दोनों साधुओं के शव जली हुई अवस्था में मिले. पुलिस ने मौके से भौतिक साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

पोस्टमार्टम के जरिए घटना का सही समय और मौत की वजह पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी.

सुमित हिरासत में, मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई

एसपी सौरभ दीक्षित के मुताबिक, शिव कुमार की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी सुमित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने सुमित को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है.

पुलिस अभी इस मामले में सामने आने वाले सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है. इसलिए हत्या की वजह को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से बताई गई कब्जे और वहां रहने के अधिकार से जुड़ी बात को शुरुआती जांच का आधार माना जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट होगी.

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर में दो साधुओं की हत्या के बाद मंदिर में जलाई चिता, सुबह दर्शन करने गए गांववालों ने बताई पूरी कहानी