Kaushambi News: देश-दुनिया में प्रेम प्रसंग के तमाम मामले आपने अब तक सुने होंगे. लेकिन उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग है. यहां एक इंद्रराज नाम के शख्स ने थाने पहुंचकर अपनी पत्नी लक्ष्मी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है जो सात बच्चों की मां है. लेकिन इस कहानी में असली ट्विस्ट तब आया जब पीड़ित पति ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को कोई और नहीं बल्कि उसका अपना समधी ही बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. यह अनोखा मामला कोखराज थाना क्षेत्र में इन दिनों भारी चर्चा और गॉसिप का विषय बना हुआ है.
ADVERTISEMENT
13 जुलाई की दोपहर गायब हुई पत्नी
मामला कोखराज थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां रहने वाले इंद्रराज नामक के व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 जुलाई की दोपहर उसकी पत्नी लक्ष्मी अचानक घर से लापता हो गई थी. शुरुआत में पति और बच्चों ने अपने स्तर पर हर रिश्तेदार और जान-पहचान वाले के यहां महिला की काफी तलाश की. जब कहीं कोई सुराग नहीं मिला तो पति ने शक के आधार पर अपने समधी राकेश कुमार से फोन पर संपर्क किया. फोन पर समधी ने जो जवाब दिया उसकी कल्पना शायद पीड़ित पति ने कभी सपने में भी नहीं की थी.
'वो अब मेरे साथ पत्नी बनकर रह रही है'
पीड़ित इंद्रराज का आरोप है कि जब उसने समधी राकेश कुमार से अपनी पत्नी के बारे में पूछा तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी. इतना ही नहीं समधी ने उसे फोन पर ही जान से मारने की धमकी दे डाली.पति का दावा है कि समधी ने बेहद बेबाकी और साफ शब्दों में कहा 'तुम्हारी पत्नी अब मेरे साथ मेरी पत्नी की तरह रह रही है. तुम्हें जहां जाकर शिकायत करनी है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता.'
बेटी की शादी में समधी से टकराई थीं नजरें
सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में पीड़ित पति इंद्रराज ने कैमरे के सामने रोते हुए अपना दर्द साझा किया. उसने बताया कि आरोपी समधी राकेश कुमार छकड़िया पुरवा का रहने वाला है. इंद्रराज के मुताबिक 'कुछ समय पहले उसने अपनी लड़की की शादी राकेश के बेटे से की थी. इसी शादी के दौरान उसकी पत्नी और समधी के बीच संपर्क बढ़ा था. दोनों के बीच वहीं से अफेयर शुरू हुआ और पत्नी उसके जाल में फंस गई. अब वह अपने सात बच्चों को रोता-बिलखता छोड़कर समधी के साथ भाग गई है.'
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि उसका समधी काफी दबंग किस्म का इंसान है जो उसे लगातार पैसों के लिए और जान से मारने की धमकी दे रहा है जिससे वह डर के साए में जीने को मजबूर है.
गांव में तरह-तरह की चर्चाएं
आमतौर पर समाज में समधी-समधन का रिश्ता बेहद सम्मान और गरिमा का माना जाता है. ऐसे में इस पवित्र रिश्ते की आड़ में हुए इस वाकये को लेकर गांव के लोग भी हैरान हैं और तरह-तरह की बातें कर रहे हैं. हालांकि कोखराज थाना पुलिस ने पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर फिलहाल महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली है.
महिला के मिलने के बाद ही खुलेगा सच का पिटारा
इस पूरे मामले में फिलहाल केवल पीड़ित पति के ही आरोप और उसका पक्ष सामने आया है. आरोपी समधी और फरार महिला का पक्ष आना अभी बाकी है. कोखराज थाना पुलिस का कहना है कि महिला की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं. पुलिस गंभीरता से पूरे मामले की जांच कर रही है. महिला के बरामद होने के बाद उसके बयानों के आधार पर ही इस अनोखी प्रेम कहानी की असली सच्चाई और कानूनी स्थिति साफ हो पाएगी.
ADVERTISEMENT











