Janu Yadav: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर से एक ऐसी हैरान कर देने वाली शिकायत सामने आई है जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं. कानपुर देहात के रहने वाले एक 18 साल के जानू यादव ने एक किन्नर पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. युवक का दावा है कि उसे धोखे से बुलाकर पहले उसके नाक-कान छिदवाए गए. फिर दिल्ली ले जाकर उसकी मर्जी के खिलाफ उसका ऑपरेशन कराकर उसे किन्नर बना दिया गया. इतना ही नहीं पीड़ित ने धर्म परिवर्तन कराने और प्रतिबंधित मांस खिलाने जैसे संगीन आरोप भी जड़े हैं. दूसरी तरफ आरोपी किन्नर ने भी युवक के खिलाफ चोरी और शादी में खलल डालने की काउंटर शिकायत दर्ज कराई है. आरोप-प्रत्यारोप के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने पूरी कहानी को उलझा कर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
मेहमान बनाकर बुलाया फिर दिल्ली ले जाकर काटा बवाल
यह पूरा मामला शाहजहांपुर के खुठार थाना क्षेत्र का है. मूल रूप से कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के भौलपुर गांव का रहने वाले जानू यादव उर्फ सिमरन सीओ पुवाया के दफ्तर पहुंचे और अपनी आपबीती सुनाई. जानू के मुताबिक, खुठार इलाके की रहने वाली हिना किन्नर ने उसे मेहमान नवाजी के बहाने अपने घर बुलाया था.
जानू ने बताया कि 'हिना ने मुझे मेहमान बनाकर बुलाया और दो-तीन महीने अपने पास रखा. इस दौरान उसने मेरे नाक और कान छिदवा दिए. जब मैं डरकर अपने घर भागा तो उसने मुझे दोबारा बुला लिया. इसके बाद 10 मार्च को वह मुझे दिल्ली के नरेंद्र केडी अस्पताल ले गई और वहां मेरी मर्जी के बिना जबरन मेरा ऑपरेशन करवाकर मुझे किन्नर बना दिया.'
धर्म परिवर्तन का दबाव और बेचने की कोशिश का आरोप
सीओ दफ्तर में शिकायत लेकर पहुंचे जानू यादव ने मामले में कई और गंभीर एंगल जोड़े हैं. युवक का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद हिना किन्नर उसे किसी तीसरे पक्ष को बेचने की प्लानिंग कर रही थी. भनक लगते ही वह वहां से भाग निकला. जानू ने रोते हुए बताया कि 'मैं हिंदू यादव का बच्चा हूं. वह मुझसे जबरदस्ती कहती थी कि तुम कलमा पढ़ लो और मुसलमान बन जाओ. जब मैंने मना कर दिया तो हिना ने अपने आदमियों से मेरी बेरहमी से पिटाई भी करवाई. मुझे जबरन प्रतिबंधित मांस भी खिलाया गया.'
किन्नर का पलटवार
कानून की नजर में जबरन जेंडर चेंज ऑपरेशन, धर्म परिवर्तन और मानव तस्करी जैसे आरोप बेहद संगीन हैं. लेकिन पुलिस के पास जब इस कहानी का दूसरा पहलू पहुंचा तो मामला पूरी तरह घूम गया. आरोपी हिना किन्नर ने भी पुलिस को जानू यादव के खिलाफ एक लिखित तहरीर दी है. हिना किन्नर का आरोप है कि जानू यादव ने उसके घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है और जानबूझकर उसकी बेटी की शादी में विघ्न डालकर उसे तुड़वाने की कोशिश की है.
मामले पर क्या कहती है शाहजहांपुर पुलिस?
दोनों पक्षों की तरफ से मिली शिकायतों के बाद पुलिस इस पूरे मामले को आपसी रंजिश और विवाद के चश्मे से भी देख रही है. इस मामले पर पुवाया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) ने आधिकारिक बयान देते हुए कहा 'बीते दिन जानू यादव नाम के युवक ने आकर प्रार्थना पत्र दिया था कि हिना किन्नर उसे दिल्ली ले गई और वहां उसका जबरन ऑपरेशन कराकर किन्नर बना दिया. इस शिकायत के बाद किन्नर पक्ष की तरफ से भी एक काउंटर एप्लीकेशन दी गई है जिसमें युवक पर चोरी और परिवार की बिटिया की शादी में विघ्न डालने का आरोप है. दोनों ही आवेदनों पर सघनता से जांच चल रही है. जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जो भी तथ्य सही पाए जाएंगे, उसके अनुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.'
इस सनसनीखेज मामले ने इलाके में कई सुलगते हुए सवाल छोड़ दिए हैं. क्या वास्तव में एक 18 साल के युवक की मर्जी के खिलाफ इतना बड़ा मेडिकल ऑपरेशन कर दिया गया? क्या इसमें जबरन धर्मांतरण की साजिश शामिल थी या फिर यह किसी आपसी लेन-देन और विवाद के बाद एक-दूसरे को फंसाने की साजिश है? इन सभी सवालों के पुख्ता जवाब अब पुलिस की निष्पक्ष जांच, अस्पताल के रिकॉर्ड्स और युवक के मेडिकल परीक्षण के बाद ही सामने आ पाएंगे. फिलहाल शाहजहांपुर का यह मामला पूरे जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है.
ADVERTISEMENT











