फिरोजाबाद में बड़ा एनकाउंटर! दो जिलों की पुलिस ने घेरा फिर ढेर हुए शातिर बदमाश सुमित और अंकित

सुधीर शर्मा

• 04:27 PM • 17 Jul 2026

Firozabad Encounter: फिरोजाबाद में इटावा-फिरोजाबाद पुलिस के संयुक्त एनकाउंटर में दो वांछित बदमाश ढेर हो गए. डॉक्टर लूटकांड के आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की जिसमें दो एसओजी जवान घायल हुए. पुलिस ने हथियार बरामद कर जांच शुरू की.

Firozabad Encounter

Firozabad Encounter

Google CTA

Firozabad Encounter: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार को एक बड़ा एनकाउंटर देखने को मिला. शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास करीब 11:45 बजे हुई इस मुठभेड़ में इटावा और फिरोजाबाद की पुलिस ने मिलकर दो शातिर बदमाशों को मार गिराया. मारे गए बदमाशों की पहचान सुमित और अंकित उर्फ सीपू के रूप में हुई है जो इटावा के रहने वाले थे. इस ताबड़तोड़ फायरिंग में खुद एडीजी रैंक के बड़े अधिकारी भी मौके पर कमान संभाले हुए थे. अपराधियों से लोहा लेते हुए इटावा एसओजी के दो जांबाज सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं जिन्हें गंभीर हालत में आगरा रेफर किया गया है.

यह भी पढ़ें...

चेन स्नेचिंग और लूटपाट करते थे सुमित और अंकित

मारे गए दोनों शातिर बदमाश सुमित और अंकित इटावा में चेन स्नेचिंग और लूटपाट की बड़ी वारदातों को अंजाम देकर ट्रेन के जरिए झारखंड भागने की फिराक में थे. इटावा पुलिस और एसओजी की टीम लगातार इनका पीछा कर रही थी. जैसे ही दोनों बदमाश ट्रेन से शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर उतरे पहले से मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया. खुद को घिरता देख बदमाशों ने सरेंडर करने के बजाय पुलिस पर सीधे गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. इस दौरान वह पास के नगला कन्हि गांव के खेतों की तरफ भाग निकले.

खेतों की घेराबंदी के बाद हुआ एनकाउंटर

बदमाशों के खेतों में छिपते ही फिरोजाबाद और इटावा पुलिस की भारी फोर्स ने पूरे इलाके को सील कर दिया. इसके बाद दोनों तरफ से कई राउंड की भीषण फायरिंग हुई. इस बीच पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों बदमाशों को मौके पर ही ढेर कर दिया. 

पुलिसकर्मियों के पेट और कंधे में लगी गोली

बदमाशों की तरफ से की गई शुरुआती फायरिंग में इटावा एसओजी के दो सिपाही गंभीर रूप से जख्मी हो गए. सिपाही डेविड चौहान के पेट में और सिपाही पुष्पेंद्र चौधरी के कंधे में गोली लगी है. दोनों घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर ट्रीटमेंट के लिए उन्हें आगरा के हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

डॉक्टर से लूट के मामले में थी तलाश

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मारे गए सुमित और अंकित उर्फ सीपू 3 जुलाई को इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में एक डॉक्टर से हुई सनसनीखेज लूट के मामले में वॉन्टेड थे. इस गैंग के एक साथी को पुलिस पहले ही दबोच चुकी थी जिससे पूछताछ में इन दोनों के नाम सामने आए थे. एनकाउंटर के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से बदमाशों के हथियार, कारतूस और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.