गाजियाबाद में प्रेमी के साथ होटल गई थी शादीशुदा महिला, पीछे से कमरे में पहुंच गया उसका पति, फिर बीच सड़क हुआ बवाल

मयंक गौड़

• 01:24 PM • 16 Jul 2026

Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को लेकर होटल से सड़क तक हाई-वोल्टेज ड्रामा हुआ. पति ने पत्नी को कथित प्रेमी संग पकड़कर युवक की जमकर पिटाई कर दी. वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी, होटल प्रबंधन भी जांच के दायरे में है.

Ghaziabad News

Ghaziabad News

Google CTA

Ghaziabad News: पागल कौन है...कौन है तू? ले जाओ इसे... उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की एक सड़क पर दोपहर के वक्त जमकर चीख-पुकार मची. बीच सड़क पर एक शख्स को बेरहमी से घसीटकर पीटा जा रहा था. वहीं मुंह पर कपड़ा बांधे एक महिला उसे बचाने के लिए गुहार लगा रही थी. पहली नजर में भले ही राहगीरों को पीटने वाले शख्स पर गुस्सा आया हो. लेकिन जब इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के पीछे की अंदरूनी कहानी सामने आई तो हर कोई सन्न रह गया. दरअसल यह पूरा मामला एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर और भरोसे के कत्ल से जुड़ा है. यहां एक पति ने अपनी पत्नी को उसके कथित बॉयफ्रेंड के साथ एक होटल में रंगेहाथ पकड़ लिया. इसके बाद जो हुआ उसने होटल से लेकर सड़क तक अफरा-तफरी मचा दी.

यह भी पढ़ें...

दोपहर 2 बजे होटल में एंट्री और पीछे-पीछे पहुंच गया पति

यह पूरा वाकया गाजियाबाद के कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के बजरिया चौकी के पास स्थित एक होटल का है. बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे एक महिला अपने कथित बॉयफ्रेंड के साथ इस होटल में ठहरने के लिए पहुंची थी. दोनों अभी होटल के अंदर दाखिल ही हुए थे कि महिला का पति भी वहां धमक गया. पति को अपनी पत्नी पर काफी समय से शक था और वह उसकी हरकतों पर पैनी नजर रख रहा था. जैसे ही पति ने अपनी पत्नी को दूसरे शख्स के साथ देखा, उसका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

कॉलर पकड़ा और सड़क पर घसीट लाया

आगबबूला हुए पति ने बिना कुछ सोचे-समझे उस युवक का कॉलर पकड़ा और उसे होटल के कमरे से बाहर सड़क पर घसीटना शुरू कर दिया. इसके बाद बीच बाजार में लात और घूसों की बरसात शुरू हो गई. पीड़ित युवक खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश करता रहा. जबकि पत्नी अपने मुंह पर कपड़ा बांधे बीच-बचाव में जुटी रही. वह कभी पति को धक्का देती तो कभी अपने कथित आशिक के आगे ढाल बनकर खड़ी हो जाती.  लेकिन गुस्से में अंधा हो चुका पति किसी की भी सुनने को तैयार नहीं था.

सड़क पर करीब आधे घंटे तक यह तमाशा चलता रहा. इस दौरान वहां राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. हैरानी की बात यह रही कि सरेआम हो रही इस गुंडागर्दी और मारपीट को रोकने या बीच-बचाव करने की जहमत किसी ने नहीं उठाई. लोग तमाशबीन बनकर अपने-अपने मोबाइल फोन से इस पूरे ड्रामे का वीडियो रिकॉर्ड करते रहे जो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है.

पुलिस का एक्शन

वीडियो वायरल होने के बाद गाजियाबाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले का संज्ञान लिया. पुलिस की शुरुआती जांच में एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर लापरवाही सामने आई है. पुलिस को पता चला कि जिस होटल में यह कपल रुका था वहां के रजिस्टर में इनकी कोई एंट्री ही दर्ज नहीं की गई थी. होटल प्रबंधन ने नियमों को ताक पर रखकर बिना आईडी और बिना रिकॉर्ड के इन्हें कमरा दे दिया था.

थाना पुलिस का कहना है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति या जांच के लिए होटल में आने वाले हर गेस्ट का रिकॉर्ड रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है. इस बड़ी लापरवाही को देखते हुए पुलिस अब न सिर्फ मारपीट बल्कि होटल संचालक की भूमिका की भी जांच कर रही है. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर होटल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. इसलिए फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं हुई है. हालांकि पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

इस बीच सोशल मीडिया पर इस वीडियो को लेकर बहस छिड़ गई है. इंटरनेट पर कुछ लोग पति के गुस्से को जायज ठहराते हुए कह रहे हैं कि धोखे की यही सजा होनी चाहिए. वहीं दूसरी तरफ एक बड़ा वर्ग यह मान रहा है कि चाहे परिस्थिति जो भी हो, किसी को भी कानून हाथ में लेने और सड़क पर इस तरह हिंसा करने का अधिकार नहीं है.बहरहाल गाजियाबाद के बजरिया इलाके का यह पति-पत्नी और वो का विवाद पूरे जिले में चर्चा का सबसे बड़ा विषय बना हुआ है.