Banda Police Clash News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ हुई झड़प का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आरोप है कि कार्रवाई का विरोध कर रहे एक दंपती ने उपनिरीक्षक (दारोगा) को जमीन पर पटक दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी. वहीं वायरल वीडियो में दारोगा भी महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है. मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि पूरे प्रकरण की जांच डिप्टी एसपी को सौंपी गई है.
ADVERTISEMENT
अतिक्रमण हटाने पहुंची थी टीम
पुलिस के अनुसार गिरवां थाना क्षेत्र में सरकारी चक रोड पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत एसडीएम से की गई थी. शिकायत मिलने के बाद उनके निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची. टीम में हल्का लेखपाल, हल्का दरोगा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. जैसे ही अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हुई, वहां मौजूद रामरतन और उसकी पत्नी ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया. पुलिस का आरोप है कि दंपती ने सरकारी टीम के साथ गाली-गलौज की और महिला लेखपाल के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी. हालात बिगड़ते देख उपनिरीक्षक ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रामरतन को निरोधात्मक कार्रवाई के तहत थाने ले जाने की कोशिश की. इसी दौरान धक्का-मुक्की शुरू हो गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
वीडियो में दिखी दोनों तरफ से मारपीट
वायरल वीडियो में पुलिसकर्मी एक व्यक्ति को गाड़ी में बैठाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान उसकी पत्नी विरोध करती है और खींचतान के बीच उपनिरीक्षक जमीन पर गिर जाता है. वीडियो में उसकी वर्दी फटती भी दिखाई देती है. इसके बाद उपनिरीक्षक उठकर महिला के साथ मारपीट करता और गुस्से में धमकी देता नजर आता है. पुलिस का कहना है कि यह घटना 8 जुलाई 2026 की है, जबकि वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है.
शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया. महिला लेखपाल की तहरीर के आधार पर आरोपी दंपती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस ने रामरतन के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई भी की है. डिप्टी एसपी सौरभ सिंह ने बताया कि महिला द्वारा उपनिरीक्षक को पीछे से पकड़कर गिराने और वर्दी फाड़ने का आरोप है. साथ ही मामले के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच जारी है.
दंपती ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
दूसरी ओर आरोपी दंपती ने पुलिस और राजस्व विभाग की कार्रवाई को पक्षपातपूर्ण बताया है. महिला का कहना है कि टीम विपक्षी पक्ष के दबाव में कार्रवाई कर रही थी और उसके पति को जबरन ले जाने की कोशिश की गई. उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने उसके साथ मारपीट की. दंपती ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है. पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने मामले की जांच डिप्टी एसपी को सौंप दी है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











