दिल्ली से सटे गुरुग्राम के हाईप्रोफाइल इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां सेक्टर 67 स्थित अंसल अरसालिया सोसाइटी में एक लाल रंग की थार गाड़ी चला रही महिला ने पार्किंग क्षेत्र में सो रही 57 साल की बुजुर्ग मेड को बेरहमी से कुचल दिया. हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. मृतका के परिजनों का आरोप है कि आरोपी महिला ने पुलिस को सूचना देने के बजाय पहले लाश को ठिकाने लगाने की कोशिश की. लेकिन जब बात नहीं बनी तो शव को वापस उसी पार्किंग में फेंककर खुद अपने फ्लैट में जाकर छिप गई. घटना की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची.
ADVERTISEMENT
पार्किंग में सो रही बुजुर्ग महिला को बैक करते हुए कुचला
यह दिल दहला देने वाली वारदात 14 जुलाई के शाम की है. मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा जिले की रहने वाली 57 साल की गुड्डी इस सोसाइटी में मेड का काम करती थी. काम खत्म करने के बाद वह पार्किंग एरिया में आराम कर रही थी और वहीं सो गई. इसी दौरान सोसाइटी में रहने वाली एक महिला अपनी लाल रंग की थार गाड़ी लेकर वहां पहुंची. आरोप है कि महिला ने बिना पीछे देखे बेहद लापरवाही से गाड़ी को बैक करना शुरू किया और सो रही गुड्डी को अपनी भारी-भरकम गाड़ी के पहियों के नीचे बेरहमी से कुचल डाला.
अस्पताल से लौटी तो पार्किंग में फेंक दी लाश
मृतका के परिजनों ने आरोपी महिला पर बेहद संवेदनहीन और हैरान करने वाले आरोप लगाए हैं. परिजनों के मुताबिक, हादसे के बाद जब महिला को लगा कि मेड की जान जा सकती है तो उसने मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की. वह आनन-फानन में गुड्डी को अपनी दूसरी गाड़ी में डालकर एक निजी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों की बात सुनते ही महिला के हाथ-पांव फूल गए. कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए उसने अस्पताल से लौटने के बाद शव को वापस उसी पार्किंग स्थल पर लाकर लावारिस छोड़ दिया और खुद चुपचाप भागकर अपने फ्लैट में जाकर छिप गई.
मृतक के रिश्तेदार का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की भनक लगते ही मृतका के परिजन और रिश्तेदार मौके पर इकट्ठा हो गए. रोते-बिलखते परिजनों ने सोसाइटी में जमकर हंगामा किया और आरोपी महिला के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की. मृतका के एक रिश्तेदार ने बताया कि वह सिर्फ पेट पालने के लिए यूपी से यहां आई थी और इस तरह की लापरवाही ने उसकी जान ले ली. ऊपर से मौत के बाद उसके शव के साथ जो बर्ताव किया गया, वह किसी अपराध से कम नहीं है.
थार सवार महिला हिरासत में, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पार्किंग में लाश मिलने और हंगामे की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस की टीम भारी बल के साथ अंसल अरसालिया सोसाइटी पहुंची. पुलिस ने तुरंत शव को अपने कब्जे में लिया और सुरक्षा घेरे में उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फ्लैट में छिपी थार सवार आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है. सोसाइटी में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हादसे की सटीक कड़ियों को जोड़ा जा सके. महिला के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
ADVERTISEMENT











