Amroha Drunk Constable Accident News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में पुलिस विभाग से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही पर आरोप है कि उसने शराब के नशे में कार चलाते हुए दो लोगों को टक्कर मार दी. हादसे के बाद वह मौके से भाग निकला और कार का एक टायर निकल जाने के बावजूद केवल रिम के सहारे नेशनल हाईवे-9 पर गाड़ी दौड़ाता रहा. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. पुलिस ने आरोपी सिपाही को हिरासत में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है.
ADVERTISEMENT
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
जानकारी के अनुसार, अमरोहा पुलिस लाइन में तैनात सिपाही संजीव देर रात अपनी कार से किराये के कमरे की ओर जा रहा था. आरोप है कि वह उस समय शराब के नशे में था. रास्ते में उसकी कार ने दो लोगों को टक्कर मार दी, जिससे दोनों घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कार को रोकने की कोशिश की. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इस दौरान कार में तोड़फोड़ हुई और आरोपी के साथ हाथापाई भी हुई, लेकिन मौका मिलते ही वह क्षतिग्रस्त कार लेकर वहां से भाग निकला.
बिना टायर के रिम पर दौड़ती रही कार
हादसे के दौरान कार का एक टायर निकल चुका था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने वाहन नहीं रोका. वह केवल रिम के सहारे कार को नेशनल हाईवे-9 पर तेज रफ्तार से चलाता रहा. सड़क से रिम रगड़ खाने के कारण चिंगारियां निकलती रहीं और कार की तेज आवाज दूर तक सुनाई देती रही. पीछे चल रहे कुछ लोगों ने उसका पीछा किया और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आ गया. पीछा कर रहे लोगों ने जोया टोल प्लाजा के पास कार को घेर लिया. वहां मौजूद लोगों की मदद से आरोपी सिपाही को बाहर निकाला गया और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई और कार को भी कब्जे में ले लिया. घटना के दौरान टोल प्लाजा पर काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया.
मेडिकल में शराब पीने की पुष्टि
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी सिपाही का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई. इसके बाद घायल पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ सड़क दुर्घटना, लापरवाही से वाहन चलाने और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच का हिस्सा बनाया है और अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पुलिस बोली- कानून सभी के लिए बराबर
अमरोहा के अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सिपाही को हिरासत में लिया. मेडिकल रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि कानून सभी के लिए समान है और यदि कोई पुलिसकर्मी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











