इटावा में प्रॉपर्टी डीलर महबूब राजपूत की पत्नी आशिकी देवी ही निकली असली कातिल, नशीला दूध देकर दबाया था गला

अमित तिवारी

• 08:22 PM • 14 Jul 2026

Etawah Crime News: इटावा में प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज खुलासा हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने प्रॉपर्टी डीलर आनंद उर्फ महबूब राजपूत की कहानी पलट दी. पुलिस जांच में पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप साबित होने के बाद दोनों गिरफ्तार किए गए.

Etawah Crime News

Etawah Crime News

Google CTA

Etawah Crime News: पापा ने घर में खुद को खत्म कर लिया...  12 जुलाई की आधी रात को जब एक बेटे ने बदहवास हालत में इटावा की सिविल लाइन थाना पुलिस को यह सूचना दी तो पहली नजर में यह खुदकुशी का मामला लगा. लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वारदात की कड़ियां आपस में मेल नहीं खा रही थीं. इसके बाद जब पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आई तो पूरे महकमे के होश उड़ गए. जिसे खुदकुशी या सामान्य मौत समझा जा रहा था वो असल में एक सोची-समझी खौफनाक हत्या थी. इटावा पुलिस ने तोडा गांव के प्रॉपर्टी डीलर आनंद उर्फ महबूब राजपूत की रहस्यमयी मौत का ऐसा सनसनीखेज खुलासा किया है जिसने रिश्तों को एक बार फिर तार-तार कर दिया है. पति की मौत का मातम मना रही पत्नी आशिकी देवी ही इस पूरे मर्डर मिस्ट्री की मास्टरमाइंड निकली. पत्नी आशिकी देवी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर इस खूनी खेल को अंजाम दिया था.

यह भी पढ़ें...

झूठी कहानी पर पुलिस को हुआ शक

12 जुलाई की देर रात तोडा गांव से पुलिस को 35 साल के प्रॉपर्टी डीलर आनंद उर्फ महबूब राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर मिली थी. शुरुआती तौर पर परिवार की तरफ से इसे सुसाइड दिखाने की कोशिश की गई. लेकिन घटनास्थल के हालात और शव की स्थिति देखकर पुलिस को कुछ गड़बड़ होने का अंदेशा हुआ.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत शव को कब्जे में लिया और तीन डॉक्टरों के विशेष पैनल से वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया. जब पोस्टमार्टम की फाइनल रिपोर्ट पुलिस के हाथ लगी तो केस पूरी तरह से पलट गया. रिपोर्ट में साफ हुआ कि आनंद की मौत नेचुरल नहीं थी और न ही उसने फांसी लगाई थी बल्कि उसकी मौत की असली वजह गला घोंटना था.

अवैध संबंध के विरोध पर रची गई खौफनाक साजिश

हत्या की पुष्टि होते ही पुलिस ने अपनी तफ्तीश की सुई घर के भीतर घुमाई. शक के घेरे में आई मृतक की पत्नी आशिकी देवी को पुलिस ने हिरासत में लिया. शुरुआत में तो वह पुलिस को गुमराह करती रही. लेकिन जब साइबर सेल और कड़े तेवरों के साथ सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और उसने जो सच उगला, उसने सबको चौंका दिया.

आशिकी देवी ने कबूल किया कि उसका पड़ोस में रहने वाले युवक शिवम राजपूत के साथ काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. पति आनंद को इस रिश्ते की भनक लग चुकी थी और वह लगातार इसका कड़ा विरोध करता था. आए दिन होने वाले इस विरोध और अपने प्यार के बीच की दीवार को हमेशा-हमेशा के लिए हटाने के लिए पत्नी और उसके प्रेमी ने आनंद को रास्ते से हटाने का खौफनाक प्लान तैयार किया.

पहले दूध में दिया नशा फिर सोते में उतार दिया मौत के घाट

साजिश के तहत 12 जुलाई की रात को आशिकी देवी ने बड़ी चालाकी से आनंद को पीने के लिए दूध दिया. इस दूध में पहले से ही कोई तेज नशीला पदार्थ मिलाया गया था. नशीला दूध पीते ही आनंद गहरी बेहोशी की गर्त में चला गया और पूरी तरह बेबस हो गया. आनंद को अचेत देखकर पत्नी ने तुरंत अपने प्रेमी शिवम राजपूत को घर के अंदर बुला लिया. इसके बाद दोनों ने मिलकर बिस्तर पर ही तड़प रहे आनंद का गला दबा दिया और तड़पा-तड़पाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे की झूठी कहानी रची गई.

कातिल प्रेमी-पत्नी गिरफ्तार

इस पूरे सनसनीखेज हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए इटावा के एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी पत्नी आशिकी देवी और उसके प्रेमी शिवम राजपूत को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों ने पूछताछ में अपना जुर्म पूरी तरह कबूल कर लिया है.

एसएसपी ने बताया कि 'आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल और वारदात से जुड़े सामान को बरामद कर लिया है. बरामद किए गए सामान में एक मोटरसाइकिल, मृतक आनंद की सोने की अंगूठी और दो मोबाइल फोन शामिल हैं. दोनों शातिर आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं में कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है.'

क्राइम डायरी

इटावा की इस वारदात ने एक बार फिर समाज के सामने यह कड़वा सच लाकर खड़ा कर दिया है कि कैसे अनैतिक संबंधों की चाहत में इंसान अंधा हो जाता है. सात फेरों के पवित्र बंधन और जन्म-जन्म का साथ निभाने का वादा करने वाली पत्नी ही जब अपने सिंदूर की कातिल बन जाए, तो समाज में भरोसे की बुनियाद हिल जाती है. फिलहाल, पुलिस की सूझबूझ और डॉक्टरों के पैनल की रिपोर्ट ने महज कुछ ही घंटों के भीतर इस मर्डर की थ्योरी को फेल कर अपराधियों को उनके सही अंजाम तक पहुंचा दिया है.