कन्नौज के सरकारी स्कूल की क्लास में 'अश्लील काम' कर रहे थे महिला-पुरुष टीचर, अब दोनों को लेकर आई बड़ी खबर

नीरज श्रीवास्तव

• 01:07 PM • 15 Jul 2026

कन्नौज के प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने दो असिस्टेंट टीचरों को निलंबित कर दिया है. विभाग मामले की जांच कर रहा है, जबकि वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है.

Kannauj School Teacher Viral News

Kannauj School Teacher Viral News

Google CTA

Kannauj School Teacher Viral News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक प्राथमिक विद्यालय से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में विद्यालय परिसर के क्लासरूम में दो असिस्टेंट टीचर कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाई दे रहे हैं. वीडियो सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए दोनों शिक्षकों को निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है. हालांकि, वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं हुई है और विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है.

यह भी पढ़ें...

वायरल हुआ क्लासरूम का वीडियो

मामला कन्नौज जिले के सौरिख ब्लॉक के एक कंपोजिट प्राइमरी स्कूल से जुड़ा बताया जा रहा है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक पुरुष शिक्षक और महिला शिक्षक को क्लासरूम के अंदर आपत्तिजनक स्थिति में दिखाया गया है. बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुराना है और पिछली सर्दियों का बताया जा रहा है, लेकिन इसे हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल किया गया. वीडियो वायरल होने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और इसकी जांच शुरू कराई. विभाग का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

पत्नी ने वायरल किया वीडियो?

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि पुरुष शिक्षक की पत्नी ने ही इसे वायरल किया है. बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच पिछले करीब चार साल से फैमिली कोर्ट में मामला चल रहा है. हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने संबंधित शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया था और मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी थी.

जांच रिपोर्ट के बाद दोनों शिक्षकों पर कार्रवाई

अधिकारियों के अनुसार, वीडियो सामने आने के बाद सौरिख ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विश्वनाथ पाठक की देखरेख में जांच कराई गई. जांच रिपोर्ट में कहा गया कि वीडियो में दिखाई गई गतिविधियां शिक्षकों से अपेक्षित आचरण के मानकों के विपरीत हैं और इससे छात्रों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है. जांच रिपोर्ट के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने दोनों असिस्टेंट टीचरों को निलंबित कर दिया. दोनों शिक्षक सौरिख ब्लॉक के कंपोजिट प्राइमरी स्कूल में तैनात थे. बेसिक शिक्षा अधिकारी के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान दोनों शिक्षकों को अलग-अलग ब्लॉक रिसोर्स सेंटर (BRC) से संबद्ध किया गया है. इनमें से एक शिक्षक को गुगरापुर BRC और दूसरे शिक्षक को तालग्राम BRC से अटैच किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ विभागीय जांच भी जारी है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

शिक्षा विभाग ने शुरू की विस्तृत जांच

अधिकारियों के मुताबिक, यह वीडियो दो दिन पहले सोशल मीडिया पर सामने आया था. शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है और वीडियो से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. विभाग का कहना है कि शिक्षकों से अनुशासन और मर्यादित व्यवहार की उम्मीद की जाती है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.