GF संग कार में मस्त घूम रहा था सरकारी टीचर पिता, पीछे से पहुंची बेटी ने निकाल दी बाप की आशिकी!

केके पांडेय

15 Jul 2026 (अपडेटेड: 15 Jul 2026, 05:16 PM)

Extra Marital Affair: अंबेडकरनगर में सरकारी शिक्षक का कथित अफेयर बीच सड़क पर उजागर हो गया. पत्नी और बेटी ने प्रेमिका को कार से उतारकर हंगामा किया. मामला थाने पहुंचा, जहां समझौता हुआ. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Ambedkar Nagar Viral News

Ambedkar Nagar Viral News

Google CTA

Extra Marital Affair: मैं गाड़ी ठीक करवाने जा रहा हूं...घर से तो पतिदेव यही बहाना बनाकर अपनी कार लेकर निकले थे. लेकिन उन्हें क्या पता था कि आज गाड़ी की नहीं बल्कि उनके एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर और रिश्तों की ऐसी मरम्मत होने वाली है जिसे देखने के लिए पूरा शहर उमड़ पड़ेगा. उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले के पटेल नगर इलाके में उस वक्त सड़क रणभूमि बन गई जब पति-पत्नी और वो का घमासान सरेआम चौराहे पर शुरू हो गया. इश्क की सैर पर निकले एक सरकारी स्कूल के मास्टर साहब को अंदाजा भी नहीं था कि उनकी हर चाल पर उनकी अपनी पत्नी और बेटी की पैनी नजर थी. फिर क्या था, जैसे ही कार रुकी बीच सड़क पर ऐसा थ्रिलर ड्रामा शुरू हुआ कि राहगीर ठिठक गए और मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला

यह पूरा वाकया जिले के पटेल नगर इलाके का है. जानकारी के मुताबिक, आरोपी शख्स जलालपुर का रहने वाला है और एक प्राथमिक विद्यालय में सरकारी टीचर  है. वह अपने घर से तो बड़ी सादगी से गाड़ी की मरम्मत कराने की बात कहकर निकला था. लेकिन असल में वह अपनी कथित प्रेमिका को कार में बिठाकर लॉन्ग ड्राइव और इश्क की सैर का मजा ले रहा था. उधर पत्नी को अपने मास्टर पति की हरकतों पर पहले से ही भयंकर शक था. लिहाजा, इस बार उसने घर पर बैठने के बजाय अपनी बेटी को साथ लिया और पति की कार का गुपचुप पीछा करना शुरू कर दिया.

बिजली दफ्तर के सामने खुला कार का गेट

जैसे ही टीचर की कार पटेल नगर स्थित मध्यांचल विद्युत वितरण निगम कार्यालय के ठीक सामने पहुंची वैसे ही पीछे लगी पत्नी और बेटी ने मौका देखकर अपनी गाड़ी आगे अड़ा दी. इससे पहले कि मास्टर साहब कुछ समझ पाते, पत्नी ने झपटकर कार का दरवाजा खुलवा लिया और अंदर बैठी कथित प्रेमिका को बाल पकड़कर सड़क पर खींच लिया. अगले ही पल चीख-पुकार और बहसबाजी ने हिंसक मोड़ ले लिया. गुस्से से आगबबूला पत्नी और बेटी ने कथित प्रेमिका को बीच सड़क पर पटक दिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी.

आधे घंटे तक तमाशा देखते रहे लोग

सड़क पर करीब आधे घंटे तक यह हाई-वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. दिन-दहाड़े हो रही इस मारपीट को देखकर सड़क पर लंबा जाम लग गया और सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई. पहले तो लोग मूकदर्शक बनकर तमाशा देखते रहे और अपने फोन में वीडियो रिकॉर्ड करते रहे. लेकिन जब हंगामा बहुत ज्यादा बढ़ गया तो कुछ राहगीरों ने हिम्मत दिखाकर बीच-बचाव करने की कोशिश की. हालांकि गुस्से में लाल पत्नी और बेटी उस वक्त किसी की भी बात सुनने को तैयार नहीं थीं.

देर रात थाने में हुई रिश्तों की मरम्मत

सड़क पर बढ़ते हंगामे और जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने किसी तरह उग्र हो चुकी पत्नी और बेटी को शांत कराया और फिर पति, बेटी और कथित प्रेमिका समेत सभी पक्षों को गाड़ी में बिठाकर थाने ले आई.

थाने के भीतर देर रात तक हाई-लेवल पंचायत और मान-मनौव्वल का दौर चलता रहा. पुलिस ने सभी पक्षों को अलग-अलग बिठाकर पूछताछ की. आखिर में कथित प्रेमिका ने अपनी गलती मानी और हाथ जोड़कर पत्नी से माफी मांग ली. बदनामी के डर से दोनों पक्षों ने कानूनी कार्रवाई न करते हुए आपस में समझौता करने पर सहमति जताई जिसके बाद पुलिस ने सबको हिदायत देकर घर भेज दिया.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

भले ही यह मामला थाने में आपसी समझौते से सुलझ गया हो और किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत न दी हो. लेकिन इस ड्रामे का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है. वीडियो में सड़क पर मची अफरा-तफरी, मारपीट और तमाशा देखते लोगों की भीड़ साफ देखी जा सकती है. लोग इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं.