गाजियाबाद की क्रॉसिंग रिपब्लिक सोसाइटी की लिफ्ट में भयंकर हाथापाई, 2 पूर्व AOA पदाधिकारियों का CCTV वीडियो आया सामने

मयंक गौड़

• 10:26 AM • 16 Jul 2026

Ghaziabad News: गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक स्थित GS-7 सोसाइटी की लिफ्ट में दो पूर्व AOA पदाधिकारियों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है. CCTV में कैद हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

UP Tak
Google CTA

Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक हाईराइज सोसाइटी की लिफ्ट के अंदर दो रसूखदार लोग आपस में भिड़ गए. बुधवार सुबह GS-7 सोसाइटी की लिफ्ट में पूर्व अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) के दो पूर्व पदाधिकारियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई जिसनें देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया. दोनों के बीच हुई इस हाथापाई का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और साथ ही सोसाइटी के रहने वाले लोगों  में हड़कंप मचा हुआ है.

यह भी पढ़ें...

CCTV में कैद हुई लाइव मारपीट

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह GS-7 सोसाइटी की लिफ्ट में प्रहलाद कुमार और दीपक चोपड़ा एक साथ थे. लिफ्ट के बंद होते ही दोनों के बीच किसी पुरानी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. शुरुआत में यह केवल जुबानी जंग थी लेकिन बस कुछ ही सेकंड के अंदर ही विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर हमला करा दिया.

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि प्रहलाद कुमार ने पहले हाथ उठाया जिसके बाद दीपक चोपड़ा भी उनसे भिड़ गए. दोनों पक्ष एक-दूसरे का कॉलर पकड़कर गुत्थमगुत्था होते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं. इस घटना का वीडियो सार्वजनिक होने के बाद सोसाइटी के अंदर सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की बातें  शुरू हो गई हैं.

पुरानी रंजिश और AOA का विवाद बना झगड़े की मुख्य वजह

स्थानीय सूत्रों और सोसाइटी के लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक, प्रहलाद और दीपक दोनों ही पूर्व में AOA के महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुके हैं. कार्यकाल के दौरान और उसके बाद भी दोनों के बीच संस्था के कामकाज और अन्य मुद्दों को लेकर अक्सर मतभेद रहते थे. यह तनातनी काफी समय से चली आ रही थी और बुधवार सुबह लिफ्ट के बंद दायरे में दोनों का यही पुराना गुस्सा फूट पड़ा. हालांकि मौके पर मौजूद किसी अन्य चश्मदीद के न होने के कारण शुरुआती वजहों  को लेकर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं है.

पीड़ित पक्ष ने दर्ज कराई शिकायत

कि लिफ्ट के अंदर हुई इस हिंसक झड़प के बाद दीपक चोपड़ा ने तुरंत कानून का दरवाजा खटखटाया. उन्होंने क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में आरोपी के खिलाफ  लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी है.

क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को शिकायत प्राप्त हो चुकी है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे CCTV फुटेज को साक्ष्य के रूप में कब्जे में ले लिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है. जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उसी के  आधार पर निष्पक्ष रूप से आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: 2027 चुनाव से पहले पलटी मार जाएंगे संजय निषाद, भाजपा छोड़ जाएंगे सपा के साथ? इस एक बयान ने गर्म की यूपी की राजनीति