Mau Viral Video: भीषण गर्मी और उमस से बचने के लिए इंसान क्या कुछ नहीं करता. कोई पेड़ की छांव ढूंढता है तो कोई शिकंजी का सहारा लेता है. लेकिन उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से जुगाड़ का एक ऐसा अनोखा मामला सामने आया है जिसे देखकर आप भी अपनी हंसी नहीं रोक पाएंगे. यहां के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के भीटी ब्रांच का एटीएम रूम अचानक एक युवक के लिए लक्जरी बेडरूम बन गया. युवक आराम से हाफ पैंट और टी-शर्ट पहने चालू एटीएम मशीन के ठीक सामने फर्श पर तानकर सोता हुआ नजर आया. अब इस सुकून वाली नींद का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
ना चोरी की नीयत और ना कोई खौफ...
वायरल वीडियो भीटी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले SBI एटीएम का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बाहर पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से बेहाल होकर एक युवक एटीएम रूम के अंदर दाखिल होता है. अंदर लगे एसी की ठंडी हवा लगते ही उसका मिजाज ऐसा बदला कि उसने वहीं फर्श पर ही बिस्तर लगा लिया. युवक बिना किसी डर या हिचकिचाहट के एटीएम मशीन के ठीक सामने गहरी नींद में सो गया. वहां पैसे निकालने आए किसी शख्स ने इस मजेदार नजारे का वीडियो बना लिया जो अब इंटरनेट पर तहलका मचा रहा है.
गार्ड साहब कहां थे?
वीडियो वायरल होते ही जहां लोग इस पर मजेदार मीम्स बना रहे हैं. वहीं दूसरी तरफ पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं. आखिर सबसे सुरक्षित माने जाने वाले एटीएम रूम के अंदर कोई बाहरी व्यक्ति इतने आराम से कैसे सो सकता है? पुलिस अब इस बात की जांच में जुट गई है कि घटना के वक्त एटीएम की सुरक्षा में तैनात गार्ड कहाँ गायब था? क्या बैंक द्वारा वहां किसी गार्ड की व्यवस्था की गई थी या नहीं? उस क्षेत्र में गश्त करने वाले पुलिसकर्मियों ने इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया?
इस पूरे मामले को लेकर मऊ के सीओ सिटी नीतीश कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है. उन्होंने मामले की पूरी इनसाइड स्टोरी साझा करते हुए बताया 'भीटी चौकी क्षेत्र में एसबीआई एटीएम के अंदर एक व्यक्ति के सोने का वीडियो वायरल हुआ है. प्रथम दृष्ट्या वीडियो को देखने पर ऐसा लग रहा है कि वह व्यक्ति अत्यधिक गर्मी के कारण एटीएम के अंदर चल रहे एसी की वजह से वहां लेट गया था. वीडियो में उसकी कोई भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी जैसी नीयत नहीं दिखाई दे रही है, वह सिर्फ आराम से लेटा हुआ है.'
छनकर बाहर आएंगी चीजें तो होगी कार्रवाई
सीओ सिटी नीतीश कुमार सिंह ने आगे कहा कि 'भले ही मामला सिर्फ गर्मी से बचने का लग रहा हो. लेकिन सुरक्षा के लिहाज से इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. उन्होंने कहा 'हम अभी जानकारी जुटा रहे हैं कि वह युवक कौन है और किन परिस्थितियों में वहां लेटा था. बैंक प्रबंधन से भी संपर्क कर गार्ड की उपस्थिति के बारे में पता लगाया जा रहा है. अगर गार्ड ड्यूटी पर नहीं था तो क्यों नहीं था? साथ ही उस क्षेत्र में तैनात हमारे पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. जैसे ही चीजें छनकर बाहर आएंगी, नियमों के मुताबिक आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.'
चर्चा में है एसी लव
फिलहाल, मऊ पुलिस इस बात की समीक्षा कर रही है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई. लेकिन स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स के बीच यह वीडियो चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग कह रहे हैं कि भाई ने गर्मी को मात देने के लिए सीधे ATM को ही अपना आशियाना बना लिया.
ADVERTISEMENT











